Rajasthan School: छात्रों-शिक्षकों को झटका! 50° पारा और छुट्टियों पर 10 दिन की कैंची, अब इस दिन खुलेंगे स्कूल
Rajasthan School Summer Vacation: राजस्थान में भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते पारे के बीच स्कूली बच्चों के लिए राहत और बड़े बदलाव की मिली-जुली खबर सामने आई है। राज्य के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में 17 मई से ग्रीष्मकालीन अवकाश का आगाज हो चुका है। शनिवार को इस शैक्षणिक सत्र का आखिरी कार्य दिवस रहा, जिसके बाद छात्रों को दैनिक पढ़ाई, होमवर्क और स्कूल की भागदौड़ से कुछ समय के लिए ब्रेक मिल गया है।
हालांकि, इस बार बच्चों को पहले की तरह लंबी छुट्टियों का आनंद उठाने का मौका नहीं मिलेगा। शिक्षा विभाग ने नए शैक्षणिक कैलेंडर (शिविरा पंचांग) में बड़ा फेरबदल करते हुए गर्मियों की छुट्टियों की अवधि को काफी कम कर दिया है। विभाग का तर्क है कि इस रणनीतिक बदलाव से स्कूलों में पाठ्यक्रम समय पर पूरा हो सकेगा और नए सत्र की रूपरेखा अधिक व्यवस्थित होगी।

गर्मी की छुट्टियों में 10 दिनों की कटौती
शिक्षा विभाग द्वारा जारी नए दिशा-निर्देशों के अनुसार, इस बार स्टूडेंट्स को कुल 35 दिनों का ही ग्रीष्मकालीन अवकाश मिल सकेगा। पिछले सालों तक जहां बच्चों को लगभग 45 दिन यानी करीब डेढ़ महीने की लंबी छुट्टियां मिलती थीं, वहीं इस साल इसमें सीधा 10 दिनों की कटौती कर दी गई है।
ये भी पढ़ें: Bihar में टूटने वाले हैं गर्मी के सारे रिकॉर्ड? पटना DM ने जारी किया बेहद सख्त आदेश, बदला गया स्कूलों का समय
विभाग का मानना है कि छुट्टियां कम होने से सत्र के आखिरी महीनों में बच्चों पर सिलेबस पूरा करने का मानसिक दबाव नहीं रहेगा। हालांकि, इस फैसले का सबसे बड़ा असर उन परिवारों पर पड़ेगा जो गर्मियों में गांव, नानी के घर या लंबी यात्राओं की योजना बनाते थे। छुट्टियों की अवधि छोटी होने के कारण अब उन्हें अपनी यात्राओं को सीमित करना होगा।
21 जून से फुल-डे चलेंगे स्कूल
इस बार समर वेकेशन के बाद स्कूलों के दोबारा खुलने के सिस्टम में सबसे महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। शिक्षा विभाग के निर्णय के मुताबिक, 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के विशेष अवसर पर ही सभी स्कूल नियमित रूप से खोल दिए जाएंगे। इसी दिन से नए सत्र की विधिवत पढ़ाई शुरू होगी और स्कूल पूरी तरह से फुल-डे चलेंगे। इस कदम से अब छात्रों और शिक्षकों को जुलाई महीने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा और शुरुआती स्तर से ही पढ़ाई को गति मिल सकेगी।
बदल गया सालों पुराना सिस्टम
राजस्थान के विद्यालयों में पिछले कई दशकों से एक तय व्यवस्था चली आ रही थी। इसके तहत:
- 21 जून को केवल योग दिवस कार्यक्रम के लिए छात्र और शिक्षक कुछ घंटों के लिए स्कूल आते थे।
- योग सत्र समाप्त होने के बाद छात्र वापस घर लौट जाते थे और स्कूल फिर बंद हो जाते थे।
- नियमित कक्षाएं और पूरे दिन की पढ़ाई हमेशा 1 जुलाई से शुरू होती थी।
लेकिन इस नए कैलेंडर ने सालों पुरानी इस परंपरा को बदल दिया है। अब योग दिवस केवल एक औपचारिक कार्यक्रम तक सीमित न रहकर नए शैक्षणिक सत्र का पहला पूर्ण कार्य दिवस बनेगा।
ये भी पढ़ें: Aaj Ka Mausam: UP-बिहार समेत 18 राज्यों में भारी बारिश की आशंका, राजस्थान में चलेगी लू, IMD ने क्या कहा?












Click it and Unblock the Notifications