'अमेरिकन सड़कों जैसा होगा छत्तीसगढ़ का नेटवर्क', सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने दिया बड़ा बयान
Nitin Gadkari Statement: केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने रायपुर में भारतीय सड़क कांग्रेस के 83वें वार्षिक अधिवेशन का शुभारंभ करते हुए बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के राष्ट्रीय राजमार्गों का नेटवर्क अगले दो वर्षों में अमेरिकी नेटवर्क के बराबर होगा। गडकरी ने यह भी विश्वास दिलाया कि राज्य के लिए की गई सड़क परियोजनाओं की सभी मांगे पूरी की जाएंगी।
20 हजार करोड़ रुपए के कार्यों की स्वीकृति
शुक्रवार को गडकरी ने छत्तीसगढ़ में सड़कों के विकास के लिए 20 हजार करोड़ रुपए के कार्यों की स्वीकृति की घोषणा की। इनमें चार राष्ट्रीय राजमार्गों को फोरलेन में तब्दील करने के लिए Detailed Project Report (DPR) की स्वीकृति शामिल है। गडकरी ने धमतरी से जगदलपुर, रायपुर से बलौदाबाजार-सांरगढ़, कटघोरा से अंबिकापुर और बिलासपुर से अकलतरा-रायगढ़ होते हुए ओडिशा बॉर्डर तक राष्ट्रीय राजमार्गों को फोरलेन बनाने के लिए भी राशि स्वीकृत की।

रायपुर में फ्लाईओवर निर्माण के लिए भी राशि मंजूर
इसके अलावा, रायपुर के विभिन्न प्रमुख जंक्शन पर फ्लाईओवर निर्माण के लिए भी राशि मंजूर की गई है। साथ ही, सड़कों के वन टाइम इंप्रूवमेंट के लिए 900 करोड़ रुपए केंद्रीय सड़क निधि (सीआरएफ) से दिए जाएंगे। गडकरी ने भारतीय इंजीनियरों को 'राष्ट्र के निर्माण में योगदान देने वाले विश्वकर्मा' के रूप में सम्मानित किया और कहा कि देश की आर्थिक प्रगति और आत्मनिर्भर भारत बनाने के लिए सड़क नेटवर्क का सुधार अत्यंत आवश्यक है।
केंद्रीय मंत्री ने रोड सेफ्टी पर भी जोर देते हुए कहा कि सड़क हादसों को कम करने के लिए हर संभव तकनीकी उपायों को लागू किया जाए और रोड इंजीनियरिंग में सुधार की दिशा में कदम बढ़ाए जाएं। उन्होंने कहा, "रोड सेफ्टी को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।"
सीएम विष्णुदेव साय ने क्या कहा
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य के लिए यह गर्व का विषय है कि भारतीय सड़क कांग्रेस का 83वां अधिवेशन छत्तीसगढ़ में हो रहा है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री गडकरी का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके सहयोग से छत्तीसगढ़ में सड़क निर्माण का कार्य तेजी से हो रहा है और राज्य का सड़क नेटवर्क मजबूत हो रहा है। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की भौगोलिक स्थितियों के अनुरूप सड़कों के विस्तार को राज्य की आर्थिक ताकत बताते हुए कहा कि अगले कुछ वर्षों में राज्य का सड़क नेटवर्क और बेहतर होगा।
इस कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन राज्य मंत्री अजय टम्टा ने भी संबोधन किया और कहा कि भारत में हिमालय से लेकर समुद्र तक सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हम सभी 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications