CG: गृहमंत्री अमित शाह का छत्तीसगढ़ दौरा, सुकमा में 9 नक्सली गिरफ्तार
Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नक्सल संगठन, विशेषकर खूंखार नक्सली हिड़मा को बड़ा झटका लगा है। पुलिस ने पूवर्ती इलाके से हिड़मा के 9 साथियों को गिरफ्तार किया है। इन नक्सलियों के पास से विस्फोटक सामग्री भी बरामद की गई है, जिनका इस्तेमाल सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के लिए किया जा रहा था। पुलिस ने इन सभी को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है, और यह उम्मीद जताई जा रही है कि ये नक्सली हिड़मा से जुड़े कई राज़ उजागर करेंगे।
कैसे हुई गिरफ्तारी
बताया जा रहा है कि पूवर्ती के जंगलों में जिला बल, 150 वाहिनी सीआरपीएफ और 201 कोबरा की टीम नक्सल ऑपरेशन पर निकली थी। जैसे ही कुछ नक्सली जवानों की टीम को देखकर छिपने लगे या भागने लगे, जवानों ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया। पकड़े जाने पर इन नक्सलियों ने पुलिस को स्वीकार किया कि वे नक्सल संगठन से जुड़े हुए हैं। पुलिस ने इनसे विस्फोटक सामग्री भी बरामद की, जिसमें जिलेटिन रोड, डेटोनेटर जैसे खतरनाक सामान शामिल थे।

नक्सल ऑपरेशन में बढ़ोतरी
सुरक्षाबलों के लिए यह घटनाक्रम अहम है, क्योंकि हाल ही में हिड़मा के गांव पूवर्ती में सुरक्षा बलों का कैंप स्थापित किया गया है। शनिवार को इसके आगे के गांव गोल्लाकुंडा में भी सुरक्षा बलों का कैंप खोला गया था। इसके बाद से इलाके में नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन को और तेज कर दिया गया है।
अमित शाह का बस्तर दौरा
गृहमंत्री अमित शाह के बस्तर दौरे से पहले वनांचल क्षेत्र से तीन बड़ी घटनाएं सामने आई हैं। सुकमा में नक्सलियों से जुड़ी एक और बड़ी खबर सामने आई, जिसमें दंपति सहित 5 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया। इनमें से दो नक्सलियों पर 8-8 लाख रुपये का इनाम था। इन सभी नक्सलियों ने SP किरण चव्हाण के सामने सरेंडर किया।
वहीं, कांकेर जिले से भी एक खबर आई है, जहां जवानों ने हेटारकसा के पास आईईडी बरामद की। डिफ्यूज़ करते समय एक जवान घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
बस्तर को नक्सल मुक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
गृहमंत्री अमित शाह आज बस्तर ओलंपिक के समापन समारोह में शामिल होंगे और सुरक्षा जवानों के साथ डिनर करेंगे। वे सरेंडर करने वाले नक्सलियों से भी मुलाकात करेंगे। छत्तीसगढ़ सरकार ने नक्सलियों के खिलाफ आर या पार की लड़ाई छेड़ी है, और इस दौरान एक साल में 200 से अधिक नक्सलियों को ढेर किया गया है। सरकार ने नक्सल पुनर्वास नीति भी बनाई है, जिसका फायदा सरेंडर करने वाले नक्सलियों को मिलेगा।
यह भी पढ़ें गृहमंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ पुलिस की बहादुरी को सराहा, 2026 तक नक्सलवाद के खात्मे का लिया संकल्प












Click it and Unblock the Notifications