छत्तीसगढ़ः मामा ने नहीं दिए मजदूरी के 8 हजार रुपये तो भांजों ने उतार दिया मौत के घाट
मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के पथरिया इलाके में हुई हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बीते 22 दिसंबर को दोनों आरोपियों ने मिलकर युवक की हत्या की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने दावा किया है कि हत्या की वारदात को मृतक के भांजों ने ही अंजाम दिया था। पूरी घटना पथरिया थाना क्षेत्र के लौदा गांव की है। पुलिस के अनुसार ज्वाला टंडन की हत्या 22 दिसंबर को की गई थी।

दरअसल, सिकंदर मजदूरी के पैसे लेने के लिए अपने मामा ज्वाला टंडन के घर गया। आरोपी ने मजदूरी और अपने हक के 8 हजार रुपये की मांग अपने मामा से की। इसपर मामा भांजे में विवाद हुआ और विवाद इतना बढ़ा कि भांजे सिकंदर और साहिल ने चाकू से हमला कर के मामा की निर्ममता से हत्या कर दी। मुंगेली एसडीओपी नवनीत छाबड़ा ने बताया कि घर में मौजूद सदस्य जब बीच-बचाव के लिए आए तो आरोपियों ने उनपर भी हमला कर दिया।
साथ ही उन्होंने बताया कि मृतक की बेटी और भाई पर भी चाकू से हमला किया गया, जिससे ये दोनों मामूली रूप से घायल हो गए। परिजन जब खून से लथपथ ज्वाला टंडन को लेकर पथरिया अस्पताल पहुंचे तो वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एक आरोपी साहिल की गिरफ्तारी गांव से ही कर ली गई। जबकि दूसरे और मुख्य आरोपी सिकंदर बंजारे की गिरफ्तार यूपी के कानपुर से की गई।
यह भी पढ़ेंः शामली: भजन गायक अजय पाठक समेत पत्नी व बेटी की गला काटकर हत्या, 10 साल का बेटा गायब











Click it and Unblock the Notifications