CG NAN SCAM: जी.पी.सिंह के आरोपों पर क्या बोले CM भूपेश बघेल ?
CG NAN : What did CM Bhupesh Baghel say on the allegations of GP Singh? Politics started on the statement of former ACB chief of Chhattisgarh
रायपुर ,15 जनवरी। छत्तीसगढ़ के पूर्व एसीबी चीफ जी.पी. सिंह की तरफ से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर लगाए गए आरोपों के बाद अब सियासत तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने बघेल सरकार पर सत्ता बल के गलत इस्तेमाल का आरोप लगाया है, तो वहीं मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि जी.पी. सिंह खुद को बचाने के लिए गलत बयान दे रहे हैं। गौरतलब है कि आय से अधिक संपत्ति और राजद्रोह के आरोपी निलंबित IPS जी पी सिंह ने शुक्रवार को कोर्ट मे पेश होने के दौरान मीडिया से कहा था कि उनपर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की तरफ से नागरिक आपूर्ति निगम घोटाले की जांच मे पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह और उनकी पत्नी वीणा सिंह को फंसाने का दबाव बनाया जा रहा था।

क्या कहा था जी पी सिंह ने ?
खुद पर लगे गंभीर आरोपों के बाद निलंबित हो चुके सीनियर IPS ,पूर्व ACB प्रमुख जी.पी. सिंह कानून के शिकंजे मे आ चुके हैं, लेकिन अदालत के भीतर और बाहर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर लगातार हमले बोल रहे हैं । शुक्रवार को रायपुर की एक विशेष अदालत में पेश होने के दौरान उन्होंने मीडिया के कैमरों के सामने पहली बार कहा कि वह राजनीति का शिकार हो गए हैं और उनपर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की तरफ से नागरिक आपूर्ति निगम घोटाले की जांच मे पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह और उनकी पत्नी वीणा सिंह को फंसाने का दबाव बनाया जा रहा था।

निर्दोष लोगों पर अनुचित कार्रवाई कर रही सरकार : धरमलाल कौशिक
जी.पी. सिंह के बयान के संबंध मे छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि जी.पी. सिंह सुप्रीम कोर्ट मे भी शपथ पत्र दे चुके हैं कि मुख्यमंत्री बघेल की तरफ से नान घोटाले के गवाहों पर दबाव बनाने का प्रयास किया गया था।
कौशिक ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नान घोटाले के मुख्य अभियुक्त आईएएस अधिकारियों अनिल टुटेजा और आलोक शुक्ला के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।आज दोनों अधिकारी मुख्यमंत्री बघेल के दाएं-बाएं बने रहकर काम कर रहे हैं । कौशिक ने कहा कि लगता है कि नान घोटाले के आरोपी अधिकारी सरकार की नजरों से आरोप मुक्त हो चुके हैं। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि बघेल सरकार दबाव बनाकर निर्दोष लोगो पर कार्रवाई करने का अनुचित प्रयास कर रही है।

जी. पी. सिंह अपने बचाव के लिए गलत बयान दे रहे हैं : सीएम भूपेश
निलंबित आईपीएस जी.पी. सिंह के आरोपों पर विपक्ष हमलावर है, तो वही मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मामले मे ज्यादा कुछ बोलना उचित नही समझते। शनिवार को रायपुर से दिल्ली रवाना होने से पहले एयरपोर्ट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि इस मसले पर मै ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहता हूं, जी.पी. सिंह पर लगे आरोप बेहद संगीन हैं, सुप्रीम कोर्ट से उनकी जमानत याचिका खारिज होने के बाद ही उनकी गिरफ्तारी हुई है। खुद को बचाने के लिए जी पी सिंह गलत बयान दे रहे हैं , जो अनुचित है।

बार- बार बोतल से बाहर आ रहा है "नान घोटाले " का जिन्न
नेताओ के बयानों से अलग देखें, तो दरअसल कई दिनों से छत्तीसगढ़ के 36 हजार करोड़ का कथित नागरिक आपूर्ति निगम घोटाला बार-बार बंद बोतल से बाहर आ रहा है। रमन सरकार के कार्यकाल मे हुए नान घोटाले मे जांच के बाद ईडी ने सुप्रीम कोर्ट में कहा था कि घोटाले की जांच के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के आदेश पर बनाये गए स्पेशल टास्क फोर्स के सदस्यों, मुख्यमंत्री और एक अधिकारी की तरफ से मुख्य अभियुक्त आईएएस अधिकारियों अनिल टुटेजा और आलोक शुक्ला के खिलाफ मामले को बेहद कमजोर कर दिया है।

2015 मे हुआ था नान घोटाला
छत्तीसगढ़ नागरिक वितरण प्रणाली मे 2015 मे बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार होने का खुलासा हुआ था। मामला जब सामने आया ,तब छत्तीसगढ़ के एंटी करप्शन ब्यूरो और आर्थिक अपराध शाखा ने 12 फरवरी 2015 को नागरिक आपूर्ति निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों के कई ठिकानों पर छापेमारी की थी । छापेमार कार्रवाई के दौरान करोड़ों रुपये के अलावा एक डायरी और कुछ दस्तावेज जब्त किये गए थे।
इस मामले में नागरिक आपूर्ति निगम के कई अधिकारियों और कर्मचारियों को जेल भेज दिया गया था। शुरुआत मे इस मामले में कुल 27 लोगो के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। जिसके बाद राज्य सरकार के दो वरिष्ठ IAS अधिकारी आलोक शुक्ला और अनिल टुटेजा के विरूद्ध भी मामला दर्ज किया गया। कथित नान घोटाले के समय दोनों अधिकारी नागरिक आपूर्ति निगम के शीर्ष पदों पर थे।
सम्बंधित खबर पढ़ें छत्तीसगढ़ के पूर्व ACB चीफ जी पी सिंह का बड़ा बयान, मुझपर पूर्व सीएम रमन सिंह को फंसाने का था दबाव












Click it and Unblock the Notifications