2023 में छत्तीसगढ़ फतह करने भाजपा ने अभी से शुरू की तैयारी ,बड़े नेताओं की बैठक में बनी खास रणनीति
रायपुर, 29 जनवरी। छत्तीसगढ़ में भाजपा 2023 के चुनाव में फतह हासिल करने के लिए प्रदेश स्तरीय मुद्दों के अलावा विधानसभावार स्थानीय मुद्दों को भी हथियार बनाएगी।2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस से करारी शिकस्त झेलने वाली भाजपा सत्ता पक्ष के विधायकों को उनके ही क्षेत्र में स्थानीय मुद्दों के आधार पर घेरेगी।

मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार देर रात तक चली भाजपा प्रदेश कोर कमेटी की बैठक में भाजपा के आला नेताओं की सहमति के बाद भाजपा ने अपनी इस योजना पर एक्शन प्लान तैयार कर लिया है। दरअसल छत्तीसगढ़ में मजबूत जनादेश के साथ सरकार बनाने वाली भूपेश बघेल सरकार को घेरने के लिए भाजपा नए मुद्दों की तलाश में है। प्रदेश की सियासत में भाजपा की इस बदली हुई सोच को बीते 1 साल से महसूस किया जा रहा है।
अब तक छत्तीसगढ़ में धान किसान और आदिवासियों के मुद्दे पर राजनीति होती आई है, लेकिन भूपेश बघेल सरकार के छत्तीसगढ़ में काबिज होने के बाद से किसानों की कर्ज माफी करने के साथ ही राजीव गांधी किसान न्याय योजना और गौधन न्याय योजना जैसी स्कीम लाने के बाद किसानों के बीच भूपेश बघेल सरकार की लोकप्रियता बढ़ी है। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में कांग्रेस ने अपनी स्थिति को मजबूत किया है, लिहाजा भाजपा ने धर्मांतरण, नशाखोरी और बेरोजगारी के मुद्दे समेत कई अन्य मुद्दों को प्रदेश की राजनीति में स्थापित करने का प्रयास किया है। इसी कड़ी में भाजपा ने यह तय किया है कि वह भूपेश बघेल सरकार के मंत्रियों और विधायकों को उनके ही निर्वाचन क्षेत्र में स्थानीय मुद्दों के आधार पर घेरकर चुनाव से पहले अपनी स्थिति को मजबूत करेगी।
यह भी पढ़ें बड़ी खबर:छत्तीसगढ़ में अमर जवान ज्योति की नींव रखेंगे राहुल गांधी
अपने चुनावी मिशन के तहत भाजपा कांग्रेस के आधिपत्य वाली 70 विधानसभा में उस क्षेत्र के पूर्व विधायकों और निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के अलावा पार्टी के पदाधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपकर जनता के मुद्दों को चिन्हांकित करेगी और विधायक के खिलाफ माहौल तैयार करेगी। गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में 90 विधानसभा सीटों में से 70 सीटों पर कांग्रेस का कब्जा है, जबकि भाजपा के पास केवल 14 सीटें हैं। 3 सीट पर जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जोगी), 1 पर बसपा काबिज है। खैरागढ़ विधानसभा से जोगी कांग्रेस के विधायक रहे देवव्रत सिंह के निधन के बाद एक सीट पर अभी उपचुनाव होना बाकी है।












Click it and Unblock the Notifications