IPL 2026: दुश्मन देश भी वैभव सूर्यवंशी का मुरीद! किस पाकिस्तानी से हो रही तुलना? बताया क्रिकेट का भविष्य
Vaibhav Sooryavanshi IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में राजस्थान रॉयल्स (RR) के लिए रनों का अंबार लगा रहे 15 साल के युवा ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने इस बार क्रीज पर ऐसा गदर मचाया है, जिसकी गूंज सीधे सरहद पार तक सुनाई दी है। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ नॉकआउट एलिमिनेटर मुकाबले में वैभव के बल्ले से निकले एक-एक तूफान को देखकर न सिर्फ भारतीय फैंस झूम उठे, बल्कि क्रिकेट जगत का वो धड़ा भी सन्न रह गया जो हमेशा भारत के खिलाफ ताक में रहता है।
सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ एलिमिनेटर मुकाबले में वैभव ने अपनी बल्लेबाजी से वो कोहराम मचाया कि क्रिकेट जगत के बड़े-बड़े सूरमा दांतों तले उंगलियां दबाने पर मजबूर हो गए। वैभव की इस विध्वंसक पारी को देखकर पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज मोहम्मद यूसुफ खुद को रोक नहीं पाए और उन्होंने सोशल मीडिया पर इस भारतीय लाल की तारीफों के कसीदे पढ़ते हुए उसकी तुलना पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी के शुरुआती दिनों से कर दी है।
यूसुफ ने साफ शब्दों में वैभव सूर्यवंशी को क्रिकेट का 'असली भविष्य' करार दिया है। आइए जानतें हैं पाक दिग्गज ने क्या कहा और वैभव सूर्यवंशी की इस ऐतिहासिक पारी और ऑरेंज कैप की रेस को लेकर पाकिस्तान से क्या बड़ा बयान सामने आया है?

एलिमिनेटर में मचाया गदर
सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ खेले गए नॉकआउट एलिमिनेटर मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने दबाव जैसी चीज को हवा में उड़ाते हुए सिर्फ 29 गेंदों पर 97 रनों की एक ऐसी आतिशी पारी खेली, जिसने हैदराबाद के गेंदबाजों के परखच्चे उड़ा दिए।
इस विस्फोटक पारी के दौरान उनका स्ट्राइक रेट 334.48 का रहा, जिसमें उन्होंने मैदान के चारों कोनों में 5 शानदार चौके और रिकॉर्ड तोड़ 12 गगनचुंबी छक्के जड़े। वैभव की इस तूफानी बल्लेबाजी की बदौलत ही राजस्थान रॉयल्स ने इस बेहद अहम मुकाबले में अपनी धाक जमाई और पूरी दुनिया को दिखा दिया कि उन्हें लेकर चल रही हाइप बिल्कुल सच है।
ऑरेंज कैप की रेस में सबसे आगे
15 साल का यह युवा सनसनी इस समय आईपीएल 2026 में रनों का अंबार लगाते हुए ऑरेंज कैप की रेस में सबसे टॉप पर बना हुआ है। वैभव ने इस सीजन में अब तक खेले 15 मैचों में 45.33 की शानदार औसत और 242.85 के अविश्वसनीय स्ट्राइक रेट के साथ कुल 680 रन कूट डाले हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 1 शानदार शतक और 4 अर्धशतक निकल चुके हैं। यही नहीं, वे इस सीजन में सबसे ज्यादा 65 छक्के (मैक्सिमम) और 55 चौके लगाने वाले खिलाड़ी भी बन चुके हैं।
मोहम्मद यूसुफ ने सोशल मीडिया पर क्या लिखा?
पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर मोहम्मद यूसुफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर वैभव की तारीफ करते हुए लिखा: '15 साल का क्रिकेट सनसनी Vaibhav Sooryavanshi मुझे शाहिद अफरीदी की याद दिलाता है- युवा, निडर, विस्फोटक और पूरी तरह से ऊर्जा से भरपूर। भविष्य यहीं है!
क्यों हो रही है शाहिद अफरीदी से तुलना?
ठीक वैसे ही जैसे शाहिद अफरीदी अपने शुरुआती दिनों में बिना किसी दबाव के गेंदबाजों पर टूट पड़ते थे, वैभव सूर्यवंशी भी उसी गजब की आजादी और निडरता के साथ मैदान पर उतर रहे हैं। उनका स्वाभाविक खेल विरोधी टीम के गेंदबाजों पर हावी होना और पहली ही गेंद से बाउंड्री बटोरना है। जब अफरीदी बल्लेबाजी के लिए आते थे, तो फैंस को हर हाल में आतिशबाजी की उम्मीद होती थी, और ठीक वैसा ही अटूट रिश्ता आज वैभव सूर्यवंशी और उनके फैंस के बीच बन चुका है।












Click it and Unblock the Notifications