OPINION: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल, छत्तीसगढ़ पुलिस जवानों की आर्थिक सुरक्षा के लिए उठाया बड़ा कदम
Chhattisgarh Government Initiatives: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर राज्य सरकार ने पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। राज्य सरकार ने 8 प्रमुख बैंकों के साथ सैलरी पैकेज के तहत समझौता (एमओयू) किया है, जिससे पुलिस कर्मियों को विभिन्न वित्तीय और बीमा सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। इस समझौते में भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, कैनरा बैंक, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक और आईडीबीआई बैंक शामिल हैं।
पुलिसकर्मियों ने जताई खुशी
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस पहल को पुलिस कर्मियों के लिए सुरक्षा और सहयोग का एक मजबूत आधार बताया है। उनका मानना है कि यह समझौता न केवल पुलिस कर्मियों को आर्थिक रूप से सशक्त करेगा, बल्कि उनके परिवारों की आवश्यकताओं को भी पूरा करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कदम छत्तीसगढ़ सरकार की सुशासन और पारदर्शिता की नीति को मजबूत करेगा और पुलिस कर्मियों के कार्यक्षमता और मनोबल में सकारात्मक परिवर्तन लाएगा।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने इस पहल को पुलिस विभाग के कल्याण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि अब पुलिस कर्मियों को अपनी सुविधा और आवश्यकता के अनुसार किसी भी बैंक में सैलरी खाता खोलने की स्वतंत्रता प्राप्त होगी। इसके लिए किसी प्रकार की बाध्यता या अतिरिक्त शुल्क नहीं होगा। बैंकों से प्राप्त प्रस्ताव पुलिस इकाइयों को भेजे जाएंगे, ताकि पुलिस कर्मी अपनी आवश्यकताओं के अनुसार सबसे उपयुक्त बैंक का चयन कर सकें।
पुलिस वालों को मिलेंगे कई लाभ
इस समझौते के तहत पुलिस कर्मियों और उनके परिवारों को कई महत्वपूर्ण लाभ मिलेंगे। इन लाभों में सामान्य मृत्यु के मामलों में 1 लाख से 10 लाख रुपये तक की जीवन बीमा राशि, दुर्घटना में मृत्यु के मामलों में 10 लाख से 1 करोड़ रुपये तक की सहायता, स्थायी विकलांगता के मामलों में 30 लाख से 1 करोड़ रुपये तक और आंशिक विकलांगता के लिए 22.5 लाख से 1 करोड़ रुपये तक की बीमा राशि का प्रावधान शामिल है। इसके अलावा, पुलिस कर्मियों के बच्चों की उच्च शिक्षा के लिए 4 लाख से 20 लाख रुपये तक और कन्या विवाह के लिए 5 लाख से 10 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता उपलब्ध होगी।
एक और महत्वपूर्ण पहल के रूप में, नक्सल हिंसा में शहीद होने वाले पुलिस कर्मियों के परिवारों के लिए 10 लाख से 50 लाख रुपये तक की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। यह कदम न केवल पुलिस कर्मियों के परिवारों की वित्तीय सुरक्षा को सुनिश्चित करेगा, बल्कि उनके योगदान और बलिदान के लिए उन्हें उचित सम्मान भी प्रदान करेगा।
बढ़ेगा पुलिसकर्मियों का मनोबल
यह पहल छत्तीसगढ़ सरकार के सामाजिक सुरक्षा और पुलिस विभाग के कर्मचारियों के प्रति संवेदनशीलता को दर्शाती है। सरकार का यह कदम पुलिस कर्मियों को एक बेहतर और सुरक्षित भविष्य प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। साथ ही, यह राज्य सरकार की न्यायसंगत और पारदर्शी प्रशासन की प्रतिबद्धता को भी प्रदर्शित करता है। पुलिस कर्मियों के लिए यह एक बड़ी राहत है और इस पहल के सकारात्मक परिणाम राज्य की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस कर्मियों के मनोबल में बदलाव लाएंगे।
यह भी पढ़ें छत्तीसगढ़ में जनता चुनेगी महापौर, साय कैबिनेट ने भूपेश सरकार का बनाया नियम पलटा












Click it and Unblock the Notifications