RJD विधायकों के काले कपड़ों में प्रदर्शन पर बोले Tej Pratap Yadav, 'मेरे ऊपर शनिचरा ग्रह है'
Tej Pratap Yadav News: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में वोटर लिस्ट रिवीजन (SIR) का मुद्दा छाया हुआ है। आरजेडी और विपक्षी दल इसका जोरदार विरोध कर रहे हैं। इसके विरोध में मंगलवार को सभी आरजेडी विधायक काले कपड़े पहनकर विधानसभा पहुंचे थे। तेजस्वी यादव ने भी इस प्रदर्शन में हिस्सा लिया और पूर्व सीएम राबड़ी देवी भी इसमें पहुंची थीं। इस दौरान तेज प्रताप यादव भी विधानसभा में नजर आए, लेकिन वह प्रदर्शन में हिस्सा नहीं ले रहे थे। जब उनसे पूछा गया कि वह ब्लैक कपड़ों में क्यों नहीं आए तो उन्होंने चिर-परिचित अंदाज में मजेदार जवाब दिया।
मीडिया से बात करते हुए तेज प्रताप यादव ने कहा कि मेरे ऊपर शनिचरा ग्रह है। इसलिए काले कपड़े नहीं पहन सकता हूं। उन्होंने कहा, 'शनिचरा ग्रह है न, हम काला कपड़ा सिर्फ शनिवार को पहनते हैं।' बता दें कि ऐसी चर्चा है कि लालू के बेटे जल्द अपनी नई पार्टी का ऐलान कर सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि वह बिहार विधानसभा चुनाव लड़ेंगे।

Tej Pratap Yadav महुआ सीट से लड़ सकते हैं चुनाव
पार्टी और परिवार से निकाले जाने के बाद तेज प्रताप यादव ने कुछ दिन पहले महुआ का दौरा किया था। यहां उन्होंने गाड़ी से पार्टी का झंडा हटा दिया था। तेज प्रताप साल 2015 में पहली बार विधायक बने थे तब उन्होंने महुआ सीट से ही चुनाव लड़ा था। यह आरजेडी का गढ़ भी है, क्योंकि यहां करीब 35 फीसदी आबादी यादव और मुसलमानों की है। इसके अलावा अति पिछड़ा वर्ग की भी अच्छी खासी आबादी है। तेज प्रताप ने यह स्पष्ट कर दिया है कि वह विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारी पूरी मेहनत से करने वाले हैं।
यह भी पढ़ें: Bihar Chunav: क्या पप्पू यादव लड़ेंगे बिहार चुनाव? अब खुद बता दिया प्लान, राहुल गांधी को लेकर किया बड़ा खुलासा
इशारों में तेजस्वी के करीबी लोगों पर Tej Pratap Yadav साध रहे हैं निशाना
लालू यादव ने उन्हें परिवार और पार्टी दोनों से 6 साल के लिए बर्खास्त कर दिया है। अनुष्का यादव से अपने संबंधों को भी उन्होंने स्वीकार कर लिया है और कहा कि पार्टी के अंदर कुछ ऐसे लोग हैं जिन्होंने परिवार में फूट पैदा की है। तेजस्वी यादव भले ही उनके बारे में कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहे हों, लेकिन तेज प्रताप बिना नाम लिए तेजस्वी के करीबी लोगों पर निशाना साधते रहे हैं। अब देखना यह है कि चुनाव में लालू परिवार के अंदर की फूट का असर नतीजों पर किस हद तक पड़ता है।
यह भी पढ़ें: बिहार में फर्जी वोटरों की 'सफाई' या लोकतंत्र की हत्या? तेजस्वी यादव के खुलासे से मच सकता है सियासी भूचाल












Click it and Unblock the Notifications