Patna Metro: खत्म हुआ वर्षों का इंतजार! हुआ पटना मेट्रो का शुभारंभ, कितने स्टेशन, लगेगा कितना किराया?
Patna Metro: बिहार की राजधानी पटना आज एक नए युग में कदम चुकी है। विधानसभा चुनाव से पहले पटना को मेट्रो की सौगात मिली है। आज से मेट्रो का परिचालन पटना में शुरू हो गया है। आज बिहार चुनाव की तारीखों का ऐलान भी होने वाला है। चुनाव की तारीखों के ऐलान से ठीक पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज पटना मेट्रो के पहले चरण का उद्घाटन कर दिया है।
उम्मीद है कि मेट्रो शुरू होने से शहर के सड़कों पर जाम और भीड़ की परेशानी कम होगी। नीली लाइन के इस पहले रूट में इंटर-स्टेट बस टर्मिनल (ISBT) से बूथनाथ तक तीन प्रमुख स्टेशन शामिल हैं - पाटलिपुत्र ISBT, जीरो माइल और भूतनाथ।

यह परियोजना नीतीश कुमार का दशकों पुराना सपना रही है। अब यह सपना साकार हो चुका है और पटना भारत के 24वें मेट्रो शहर के रूप में अपनी जगह बना चुका है। पटना मेट्रो सिर्फ शहर में यात्रा को आसान नहीं बनाएगी, बल्कि बिहार की संस्कृति को भी लोगों के सामने लाएगी। मेट्रो के कोच बिहार की प्रसिद्ध मधुबनी कला से सजे हुए हैं।
ये भी पढ़ें: Patna Traffic Challan: पटना ट्रैफिक पुलिस ने 2 दिन में वसूला 61 लाख का चालान, दुर्गा पूजा में लगा जबरदस्त फाइन
उद्घाटन समारोह और मेट्रो यात्रा
पहली मेट्रो ट्रेन पाटलिपुत्र बस डिपो से चलेगी। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा भी उद्घाटन समारोह में मौजूद रहे। यात्री सेवा 7 अक्टूबर से शुरू होगी। फिलहाल यात्रियों के लिए 4.3 किलोमीटर का यह रूट उपलब्ध होगा। एक स्टेशन की यात्रा का न्यूनतम किराया 15 रुपये होगा, जबकि पूरे रूट का किराया 30 रुपये रहेगा। मेट्रो रोजाना सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक चलेगी, जिसमें 40-42 ट्रिप्स तय की गई हैं।
पटना की संस्कृति मेट्रो में
मेट्रो के कोच बिहार की प्रसिद्ध मधुबनी कला से प्रेरित डिज़ाइन में बनाए गए हैं। हर कोच में पारंपरिक पैटर्न दिखाए गए हैं, जो राज्य की सांस्कृतिक पहचान को दिखाते हैं। हर ट्रेन में 900 लोग बैठ सकते हैं, जबकि हर कोच में 300 यात्री की सीट है। इस तरह, भीड़ वाले समय में भी यात्रा आरामदायक होगी। फिलहाल मेट्रो ट्रेनें हर 20 मिनट के अंतराल पर चलेंगी।
नीतीश कुमार का सपना साकार
पटना मेट्रो परियोजना नीतीश कुमार का लंबे समय का सपना रही है। इसकी योजना पहली बार 11 जून 2013 को बिहार कैबिनेट में मंजूर हुई थी। जून 2014 में केंद्र सरकार ने भी इस परियोजना को मंजूरी दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 17 फरवरी 2019 को पहले कॉरिडोर की आधारशिला रखी, और इसके अगले दिन पटना मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (PMRCL) की स्थापना हुई।
दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) को परियोजना सलाहकार के रूप में चुना गया, जबकि एल एंड टी ने जनवरी 2022 में पहले चरण के कॉरिडोर 2 के डिज़ाइन और निर्माण का ठेका प्राप्त किया। परियोजना की कुल अनुमानित लागत 13,925.5 करोड़ रुपये है, जिसमें बिहार सरकार, केंद्र सरकार और जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (JICA) का वित्तीय योगदान शामिल है।
'लोगों को ट्रैफिक जाम से मिलेगा निजात'
बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने इस परियोजना की सराहना करते हुए कहा कि इससे लोगों को ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिलेगी। एएनआई से बात करते हुए, दिलीप जायसवाल ने कहा कि पटना मेट्रो का उद्घाटन शहर के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज होगा।
उन्होंने कहा, "आज का दिन पटना के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा कि पटना के लोगों, बिहार के लोगों को मेट्रो रेल की सुविधा मिल रही है। अब तक हम मेट्रो रेल देखने के लिए कोलकाता और दिल्ली जाते थे। लोगों को ट्रैफिक जाम की समस्या से मुक्ति मिलेगी। इसका पर्यावरणीय लाभ कहीं अधिक है। यह पटना मेट्रो निश्चित रूप से पटना के लोगों के लिए एक बहुत बड़ा तोहफा और खुशी का दिन है।"
विधानसभा चुनाव से पहले विपक्ष पर निशाना साधते हुए, जायसवाल ने कहा कि वे राज्य में विकास की बात नहीं करते।
उन्होंने कहा, "क्या विपक्ष के पास अब विकास का कोई मुद्दा नहीं है? जनता जो चाहती है, मतदाताओं की जो ज़रूरत है, एनडीए सरकार ने उसके लिए सब कुछ किया है। तो क्या विपक्ष विकास और बुनियादी सुविधाओं के आधार पर वोट नहीं चाहता? विपक्ष विकास की बात ही नहीं करता।"
मेट्रो परियोजना की सराहना करते हुए, जेडी(यू) नेता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि सीएम नीतीश कुमार ने राज्य के लिए "बड़े फैसले" लिए हैं। जेडी(यू) नेता ने एएनआई से बात करते हुए कहा, "पटना के लोगों का लंबा इंतज़ार खत्म होने वाला है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में निस्संदेह राज्य के लिए बड़े फैसले लिए गए हैं। मेट्रो उसी कड़ी की एक बड़ी कड़ी है। आज पटना के लोगों का यह सपना साकार होने जा रहा है। इससे पटना में ट्रैफिक की समस्या भी काफी हद तक कम हो जाएगी।"
ये भी पढ़ें: Patna Metro: कब होगा पटना मेट्रो का उद्घाटन? रूट से लेकर किराए तक, चेक कीजिए हर डिटेल












Click it and Unblock the Notifications