Patna Metro: कब होगा पटना मेट्रो का उद्घाटन? रूट से लेकर किराए तक, चेक कीजिए हर डिटेल
Patna Metro: पटना मेट्रो की प्रतीक्षा शहरवासियों के लिए जल्द ही खत्म होने वाली है। विधानसभा चुनाव से ठीक पहले रेड लाइन पर ट्रायल रन पूरा होने के बाद मेट्रो परिचालन के शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है। बुधवार तक सुरक्षा और तकनीकी रिपोर्ट आने के बाद उद्घाटन की तारीख घोषित की जा सकती है। माना जा रहा है कि 6 या 7 अक्टूबर को पटना मेट्रो का उद्घाटन होगा।
पहले चरण में न्यू आईएसबीटी, जीरो माइल और भूतनाथ रोड स्टेशनों को शुरू किया जाना है। इन रुट्स को जोड़ने वाली यह मेट्रो पूरी तरह एलिवेटेड, वातानुकूलित और आधुनिक सुविधाओं से लैस है। यह मेट्रो शहरवासियों के रोजमर्रा के सफर को आसान और आरामदायक बनाने के साथ-साथ पटना शहर के ट्रैफिक और प्रदूषण की समस्या को कम करने में भी मदद करेगी।

रिपोर्ट तय करेगी उद्घाटन की तारीख
मेट्रो का आखिरी ट्रायल हो चुका हैं। फाइनल ट्रायल रन को देखने के लिए मेट्रो रेल संरक्षा आयुक्त (सीएमआरएस) जनक कुमार गर्ग मौके पर मौजूद थे। उन्होंने तीनों स्टेशनों का निरीक्षण किया और संतुष्ट नजर आए। नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह और पीएमआरसीएल की अपर प्रबंध निदेशक अभिलाषा शर्मा भी साथ थीं। अधिकारियों ने बताया कि बुधवार तक रिपोर्ट पटना मेट्रो रेल कॉरपोरेशन को सौंप दी जाएगी। रिपोर्ट आने के बाद ही उद्घाटन की तारीख तय होगी।
ये भी पढ़ें: Mumbai Metro: मुंबई मेट्रो में अब यात्रियों का बचेगा समय, OneTicket App से टिकट कटाने का झंझट खत्म
पहले चरण के तीन स्टेशन
- न्यू आईएसबीटी
- जीरो माइल
- भूतनाथ रोड
संचालन का समय और किराया
- मेट्रो सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक चलेगी।
- हर 20 मिनट पर मेट्रो उपलब्ध होगी।
- प्रतिदिन 40-42 फेरे होंगे।
- न्यू आईएसबीटी से जीरो माइल का किराया 15 रुपये और न्यू आईएसबीटी से भूतनाथ रोड 30 रुपये।
मेट्रो में मिलने वाली सुविधाएं
- पूरी तरह एलिवेटेड और वातानुकूलित।
- सभी दरवाजे स्वचालित।
- कोच के अंदर डिस्प्ले बोर्ड और अगले स्टेशन की घोषणाएं।
- तीन बोगियों वाली मेट्रो, 147 सीटें और 945 खड़े यात्री।
- महिलाओं और दिव्यांगों के लिए प्रत्येक ट्रेन में 12-12 सीटें आरक्षित।
- मोबाइल और लैपटॉप चार्जिंग की सुविधा।
- प्रत्येक कोच में लाल रंग का पैनिक बटन।
स्टेशनों पर सुविधाएं
- सभी स्टेशनों पर लिफ्ट और एस्केलेटर।
- स्वचालित टिकट काउंटर, डिजिटल सूचना बोर्ड और पब्लिक एड्रेस सिस्टम।
- विश्राम क्षेत्र, खानपान स्टाल और खुदरा दुकानें।
- दिव्यांग और वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष इंतजाम।
- सीसीटीवी, आपातकालीन बटन और सुरक्षा कर्मी।
तकनीकी तौर पर सब तैयार
सीएमआरएस टीम ने डिपो और कंट्रोल एंड कमांड सेंटर का निरीक्षण किया। इसके बाद मेट्रो ट्रेन डिपो से आईएसबीटी, जीरो माइल होते हुए भूतनाथ स्टेशन तक गई। इस दौरान मेट्रो 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली। सभी स्टेशनों पर उपकरण और स्थल का निरीक्षण किया गया और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया गया।
कुछ काम अभी बाकी
सीएमआरएस जनक कुमार गर्ग ने बताया कि जन सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। रेड लाइन के तीनों स्टेशनों पर फिनिशिंग का काम तेजी से चल रहा है। टिकट काउंटर, लिफ्ट, एस्केलेटर जैसे मुख्य कार्य पूरे हो चुके हैं, लेकिन जीरो माइल और आईएसबीटी स्टेशन के प्रवेश द्वार के पास अभी काम जारी है।
ये भी पढ़ें: Bengaluru Metro: आईटी सिटी के लिए गुड न्यूज, बेंगलुरु मेट्रो के इस रूट के विस्तार को मिली हरी झंडी












Click it and Unblock the Notifications