Manish Kashyap ने BJP से दिया इस्तीफा, इस पार्टी से लड़ सकते हैं बिहार विधानसभा चुनाव
Manish Kashyap resigned from BJP: देश के चर्चित यूट्यूबर मनीष कश्यप ने शनिवार, 7 मई की रात एक फेसबुक लाइव के ज़रिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से अपने इस्तीफे की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अब उन्हें ऐसा महसूस होता है कि पार्टी में रहते हुए वे आम लोगों की आवाज़ को प्रभावी ढंग से नहीं उठा सकते।गौरतलब है कि मनीष कश्यप ने 25 अप्रैल 2024 को औपचारिक रूप से भाजपा की सदस्यता ली थी, लेकिन महज़ दो सप्ताह के भीतर ही उन्होंने पार्टी से किनारा कर लिया है।
लाइव सत्र के दौरान मनीष ने कहा, 'मैं बिहार और बिहारियों के लिए लड़ना चाहता हूं। मुझे लगता है कि पार्टी में रहकर मैं लोगों की आवाज़ को सही तरीके से नहीं उठा सकता। इसलिए मैंने यह फैसला लिया है। उन्होंने अपने समर्थकों से यह भी पूछा कि उन्हें आगामी चुनाव कहां से लड़ना चाहिए।

पीएमसीएच विवाद के बाद उठाया कदम?
बता दें कि, पटना के पीएमसीएच अस्पताल में पिछले दिनों मनीष कश्यप पर कथित रूप से डॉक्टरों द्वारा हमला किया गया था। इस घटना के बाद से वे भाजपा की चुप्पी पर नाराजगी जताते रहे हैं और खुलेआम अपनी नाराज़गी व्यक्त कर रहे थे। वहीं अब उन्होंने पार्टी छोड़ने का फैसला कर लिया है। उन्होंने यह भी कहा कि अब वह अन्य माध्यमों और तरीकों से अपनी आवाज़ उठाते रहेंगे। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने के संकेत भी दिए हैं, हालांकि उन्होंने अभी तक स्पष्ट तौर पर कुछ नहीं कहा है।
किस पार्टी में होंगे शामिल?
मनीष कश्यप का भाजपा से अचानक अलग होना बिहार की सियासत में एक नया मोड़ ला सकता है, खासकर ऐसे वक्त में जब 2025 का विधानसभा चुनाव नजदीक है। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि वे अगला राजनीतिक कदम क्या उठाते हैं, क्या वह बतौर निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे या किसी अन्य दल का दामन थामेंगे। फिलहाल उन्होंने किसी पार्टी में शामिल होने की पुष्टि नहीं की है, लेकिन चर्चाएं जोरों पर हैं कि वे प्रशांत किशोर की पार्टी 'जनसुराज' में शामिल हो सकते हैं। बीते दिनों उनकी जनसुराज के कई वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात भी हो चुकी है, जिसने इन अटकलों को और बल दिया है।
कौन हैं मनीष कश्यप ?
मनीष कश्यप ने 2020 में बिहार के चनपटिया विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा था। नामांकन पत्र में उन्होंने अपना आधिकारिक नाम 'त्रिपुरारी कुमार तिवारी' बताया था। उन्होंने 2016 में इंजीनियरिंग की पढ़ाई की थी। मनीष कश्यप तब सुर्खियों में आए जब उन्हें एक फर्जी वीडियो वायरल करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था, जिसमें तमिलनाडु में बिहारी मजदूरों पर हमले का दावा किया गया था। बाद में मद्रास हाईकोर्ट ने मार्च में गिरफ्तार मनीष कश्यप को जमानत दे दी थी।












Click it and Unblock the Notifications