'राहुल-तेजस्वी मानसिक रूप से दिवालिया हो चुके हैं', केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने ऐसा क्यों कहा?
Jitan Ram Manjhi On Rahul Gandhi Tejashwi Yadav: बिहार की राजनीति इन दिनों महागठबंधन की "वोटर अधिकार यात्रा" को लेकर गरमाई हुई है। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की अगुवाई में निकली यह यात्रा जब पटना में अपने अंतिम पड़ाव पर पहुँची, तो इसके सियासी मायने और भी गहराते नज़र आए। लेकिन जैसे-जैसे यात्रा का समापन हुआ, वैसे-वैसे विपक्षी हमले भी तेज़ हो गए।
केंद्रीय मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी ने इसे पूरी तरह निरर्थक ठहराते हुए राहुल और तेजस्वी पर जमकर निशाना साधा। पटना टाउन हॉल में हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) की सभा को संबोधित करते हुए मांझी ने न सिर्फ यात्रा की आलोचना की, बल्कि कई लोकलुभावन वादों और घोषणाओं के ज़रिए चुनावी समर का आगाज़ भी कर दिया।

'राहुल-तेजस्वी मानसिक रूप से दिवालिया हो चुके हैं'
रविवार को पटना के टाउन हॉल में आयोजित हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) की जनसभा को संबोधित करते हुए मांझी ने कहा कि, राहुल गांधी और तेजस्वी यादव मानसिक रूप से दिवालिया हो चुके हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि 2025 विधानसभा चुनाव के बाद इन दोनों नेताओं की कोई सुध लेने वाला भी नहीं रहेगा।
लोगों के बीच भ्रम फैलाने की कोशिश- मांझी
मांझी ने आरोप लगाया कि महागठबंधन केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ गलत भाषा और बयानबाज़ी करके लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में इस प्रकार की भाषा स्वीकार्य नहीं है और जनता इसे कभी बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने यह भी दावा किया कि महागठबंधन को अपनी हार का डर सता रहा है, इसलिए वह मतदाता पुनरीक्षण अभियान को मुद्दा बनाकर लोगों के बीच भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहा है।
प्रशांत किशोर की पार्टी पूरी तरह से हवा-हवाई- मांझी
सभा के दौरान जीतनराम मांझी ने प्रशांत किशोर और उनकी पार्टी पर भी करारा हमला बोला। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि प्रशांत किशोर की पार्टी पूरी तरह से हवा-हवाई है और उसकी कोई वास्तविक राजनीतिक प्रासंगिकता नहीं है। मांझी ने तंज कसते हुए कहा कि राजनीति केवल डेटा, सर्वे और स्लोगन पर नहीं चलती, बल्कि इसके लिए ज़मीनी पकड़ और जनसमर्थन की ज़रूरत होती है। मांझी ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनावों में प्रशांत किशोर की पार्टी का कोई असर नहीं पड़ेगा और जनता उन्हें पूरी तरह नकार देगी।
ये भी पढे़ं Tejashwi Yadav ने मंच से फिर खुद को CM उम्मीदवार बताया, अखिलेश का मिला समर्थन लेकिन राहुल गांधी अभी भी मौन!
मांझी ने जनता से किया बड़ा वादा
केवल विपक्ष पर हमला करने तक ही सीमित न रहते हुए मांझी ने अपने समर्थकों को कई वादे भी किए। उन्होंने घोषणा की कि अगर हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के 20 से 30 विधायक विधानसभा में पहुंचते हैं, तो वे गरीबों और वंचितों की आवाज को मजबूती से उठाएंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी को पर्याप्त समर्थन मिलने पर राज्य के 13 लाख भूमिहीन परिवारों को सवा-सवा एकड़ ज़मीन घर और खेती के लिए दिलाई जाएगी। इसके अलावा, उन्होंने वादा किया कि हर पांच व्यक्ति पर एक ट्रैक्टर दिया जाएगा ताकि किसान आत्मनिर्भर बन सकें।
ये भी पढ़ें लड़कियों ने राहुल गांधी से पूछे क्रश से लेकर फेस वॉश तक के सवाल, किसने कहा 'I Love You Rahul'? वीडियो वायरल












Click it and Unblock the Notifications