लड़कियों ने राहुल गांधी से पूछे क्रश से लेकर फेस वॉश तक के सवाल, किसने कहा 'I Love You Rahul'? वीडियो वायरल
Rahul Gandhi: बिहार में जल्द ही विधानसभा के चुनाव होने हैं और चुनाव से पहले बिहार की राजनीति में सरगर्मी बढ़ती जा रही है। इन दिनों राहुल गांधी बिहार के दौरे पर निकले हुए हैं। तेजस्वी के साथ राहुल ने 'वोटर अधिकार यात्रा' निकाली है। यह कहना गलत नहीं होगा कि बीते कुछ वक्त से राहुल गांधी की लोकप्रियता में काफी वृद्धि हुई है। इसी बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी का एक अलग अंदाज सामने आया है। इस बार बात उनके तीखे बयानों या सरकार पर हमलों की नहीं, बल्कि एक मजेदार वीडियो की है, जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है।
इस वायरल वीडियो में राहुल गांधी कुछ लड़कियों के बीच नजर आ रहे हैं, जहां उनसे मजेदार और निजी सवाल पूछे जा रहे हैं। एक लड़की ने शरारती अंदाज में पूछा, "राहुल जी, आपकी कॉलेज क्रश कौन थी?" इस सवाल पर राहुल पहले तो हंस पड़े, फिर मुस्कुराते हुए जवाब को टाल दिया। हालांकि, वीडियो से ज्यादा चर्चा वीडियो पर आ रहे कमेंट्स की हो रही है। राहुल गांधी के चाहने वालों का प्यार कमेंट सेक्शन में उमड़ कर सामने आ रहा है।

कई लोग जहां राहुल गांधी की हाजिरजवाबी की तारीफ करते नजर आ रहे हैं तो वहीं कई लोग राहुल की तुलना पीएम मोदी से भी कर रहे हैं। कुछ लोगों ने तो राहुल को 'I love you' भी कह डाला है। ज्यादातर कमेंट्स में राहुल के लिए तारीफ और प्यार ही झलक रहा है।
ये भी पढ़ें: सीतामढ़ी के जानकी मंदिर में राहुल-तेजस्वी ने टेका माथा, बाहर लगे 'मोदी जिंदाबाद' के नारे
शादी को लेकर दिलचस्प जवाब
वीडियो में राहुल गांधी से कई सवाल किए गए जिनमें से एक सवाल ने सबको हंसने पर मजबूर कर दिया। सवाल उनकी शादी को लेकर था, किसी ने पूछा, "आपने अब तक शादी क्यों नहीं की?" इस पर राहुल ने हंसते हुए कहा, "मैं काम और कांग्रेस पार्टी में इतना उलझ गया कि इसके लिए वक्त ही नहीं निकाल पाया।" इस जवाब पर वहां मौजूद लोग भी ठहाके लगाकर हंस पड़े।
पसंदीदा जगह और खाने का राज
लड़कियों ने राहुल से उनकी पसंदीदा जगह और खाने को लेकर भी सवाल किया। राहुल ने कहा कि उन्हें सबसे ज्यादा मजा उन जगहों पर आता है, जहां वे अब तक नहीं गए हैं, क्योंकि उन्हें नए लोगों से मिलना और उनकी कहानियां सुनना अच्छा लगता है। खाने की बात पर उन्होंने हंसते हुए कहा कि करेला, मटर और पालक को छोड़कर वो सब कुछ खा लेते हैं।
एक लड़की ने राहुल से उनके स्किन केयर का राज भी पूछ डाला। इसपर राहुल गांधी ने कहा कि वो चेहरे पर ना फेस वॉश लगाते हैं ना साबुन या क्रीम। वो बस पानी से चेहरा धोते हैं। इसपर लड़कियां उन्हें नेचुरल ब्यूटी कहते हुए खिलखिला कर हंस पड़ी।
सोशल मीडिया पर छाया वीडियो
यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। लोग राहुल गांधी के इस हल्के-फुल्के और क्यूट अंदाज को खूब पसंद कर रहे हैं। कई यूजर्स ने कमेंट किया कि राहुल का यह रूप उन्हें और भी ज्यादा अपनापन महसूस कराता है।
बढ़ती लोकप्रियता का नया अंदाज
राहुल गांधी की बढ़ती लोकप्रियता इस वीडियो में साफ नजर आ रही है। राजनीति के गंभीर माहौल से अलग उनका यह मजेदार पक्ष फैंस को काफी पसंद आ रहा है। कई लोग तो उन्हें देश का अगला बड़ा नेता मानते हुए उनकी तारीफ कर रहे हैं। यह वीडियो न सिर्फ लोगों को हंसा रहा है, बल्कि यह भी दिखा रहा है कि राहुल गांधी अब युवाओं के बीच एक दोस्ताना छवि बनाने में कामयाब हो रहे हैं।
ये भी पढ़ें: राहुल-तेजस्वी की 'वोटर अधिकार यात्रा' पहुंची सीतामढ़ी, मां जानकी का आशीर्वाद लेकर बढ़ा काफिला












Click it and Unblock the Notifications