9 जुलाई को विपक्षी दलों ने क्यों बुलाया बिहार बंद? राहुल गांधी- तेजस्वी यादव पटना में करेंगे शक्ति प्रदर्शन
Bihar Bandh 9 July 2024: मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर मचा बवाल अब एक संगठित जन आंदोलन का रूप ले चुका है। विपक्षी दलों ने इस प्रक्रिया को गरीबों, दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के मताधिकार पर हमला करार देते हुए 9 जुलाई को राज्यव्यापी बिहार बंद का आह्वान किया है। इस आंदोलन की अगुवाई खुद राहुल गांधी और तेजस्वी यादव करेंगे, जो पटना की सड़कों पर विरोध मार्च निकालकर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद करेंगे।
यह बंद सिर्फ एक विरोध नहीं, बल्कि 2025 विधानसभा चुनाव से पहले सत्ता और विपक्ष के बीच सीधा टकराव बन चुका है। वहीं प्रशासन के लिए यह दिन सुरक्षा और नियंत्रण की सबसे बड़ी परीक्षा होने जा रहा है।

गोपाल खेमका के परिवार से भी मिल सकते हैं राहुल
बिहार में मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर मचा सियासी घमासान अब अपने चरम पर है। इसी मुद्दे को लेकर अब कांग्रेस नेता राहुल गांधी बुधवार को पटना पहुंच रहे हैं और बिहार बंद मार्च का नेतृत्व करेंगे।
राहुल गांधी सुबह करीब 10 बजे पटना एयरपोर्ट पहुंचेंगे, और सीधे इनकम टैक्स गोलंबर से शहीद स्मारक तक निकलने वाले विरोध मार्च में शामिल होंगे। इस दौरान उनके साथ तेजस्वी यादव सहित महागठबंधन के सभी बड़े नेता मौजूद रहेंगे। वहीं राहुल गांधी गोपाल खेमका हत्याकांड के पीड़ित परिवार से भी मुलाकात कर सकते हैं। बिहार में 2025 विधानसभा चुनाव से पहले यह दौरा राजनीतिक रूप से बेहद अहम माना जा रहा है।
कल रहेगा चक्का जाम- RJD
वहीं बिहार बंद की जानकारी देते हुए RJD ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा है कि, कल है संपूर्ण बिहार बंद! इंडिया गठबंधन द्वारा आहूत संपूर्ण बिहार बंद! बिहार के गरीबों, दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों एवं दिव्यांगजनों के मताधिकार पर मतदाता पुनरीक्षण के नाम पर कुठाराघात करने के भाजपा के षड्यंत्र के विरुद्ध और ट्रेड यूनियन के हड़ताल के समर्थन में कल रहेगा चक्का जाम! मतलब सब कुछ जाम! भारतीय लोकतंत्र चुनाव आयोग के अधिकारियों की मनमानी, अंधभक्ति और चाटुकारिता के अनुसार नहीं चलेगा!
राज्यभर में सुरक्षा व्यवस्था सख्त
बिहार बंद के मद्देनज़र प्रशासन ने राज्यभर में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है। खासकर पटना समेत संवेदनशील जिलों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जा रही है, ताकि किसी भी तरह की अराजकता या टकराव को रोका जा सके। राहुल गांधी का यह दौरा महज प्रतीकात्मक नहीं, बल्कि 2025 के विधानसभा चुनाव से पहले विपक्ष के लिए एक बड़ा राजनीतिक संदेश माना जा रहा है। मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर उठे सवालों ने सत्ता और विपक्ष के बीच टकराव की नई लकीर खींच दी है। वहीं दूसरी ओर, सत्ताधारी जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने इस विरोध के जवाब में सोमवार को साइकिल रैली निकाली और मतदाताओं को पुनरीक्षण प्रक्रिया को लेकर जागरूक करने का अभियान चलाया।
क्या है मतदाता सूची पुनरीक्षण (Voter List Revision)?
मतदाता सूची पुनरीक्षण यानी वोटर लिस्ट की समीक्षा और सुधार की वह प्रक्रिया है, जिसमें यह सुनिश्चित किया जाता है कि हर पात्र नागरिक का नाम सूची में हो और अपात्र या मृत लोगों के नाम हटाए जाएं।
इस प्रक्रिया के तहत क्या होता है?
- नए मतदाताओं के नाम जोड़े जाते हैं (जो 18 साल के हो चुके हों)
- डुप्लिकेट, मृत या स्थान बदल चुके मतदाताओं के नाम हटाए जाते हैं
- गलत जानकारी (नाम, पता, लिंग आदि) को सुधारा जाता है
- एक क्षेत्र से दूसरे क्षेत्र में स्थानांतरित लोगों की जानकारी अपडेट की जाती है
बिहार में विवाद क्यों?
बिहार में इस प्रक्रिया को लेकर विपक्ष का आरोप है कि
- जानबूझकर दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों, गरीबों और विपक्ष समर्थक समुदायों के नाम सूची से हटाए जा रहे हैं।
- यह एक राजनीतिक साजिश है ताकि 2025 के चुनावों में सत्ताधारी पक्ष को लाभ मिल सके।
- बिना उचित जांच या सूचना के नाम हटाए गए, जिससे कई लोग वोटिंग अधिकार से वंचित हो सकते हैं।
चुनाव आयोग का क्या कहना है?
चुनाव आयोग का कहना है कि यह नियमित प्रक्रिया है जो हर कुछ वर्षों में की जाती है, और सभी नागरिकों को अपना नाम जांचने और सुधार करवाने का अवसर दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications