देर रात टहलने की वजह से पति-पत्नी पर लगाया 1000 का जुर्माना, आपबीती सुनकर रह जाएंगे दंग
देर रात को पैदल पति-पत्नी टहलते हुए घर जा रहे थे, इसी दौरान पुलिसवालों ने उन्हें रोककर उनसे 1000 रुपए का जुर्माना वसूला।

क्या आपने सोचा है कि अगर आप अपने घर के बाहर देर रात टहल रहे हैं तो आपके खिलाफ जुर्माना लगाया जा सकता है। जी हां, ऐसा ही मामला बेंगलुरू में सामने आया है, जहां दो पुलिस अधिकारियों ने पति-पत्नी को घर के बाहर देर रात टहलने की वजह से रोक लिया और उनसे 1000 रुपए वसूले। मामला सामने आने के बाद दोनों ही पुलिस अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया गया है। दरअसल कार्तिक नाम के व्यक्ति ने ट्विटर पर इस घटना को शेयर किया था, जिसके बाद दोनों ही पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
कार्तिक ने ट्विटर पर अपनी आपबीती साझा करते हुए लिखा, मैं आप लोगों के साथ इस दर्दनाक अनुभव को साझा करना चाहता हूं जो मेरे और मेरी पत्नी के साथ रात में हुआ। रात को तकरीबन 12.30 बजे मैं और मेरी पत्नी दोस्त के घर से केक काटने के बाद वापस घर टहलते हुए आ रहे थे। हमारा दोस्त मान्यता टेक पार्क में ही रहता है, हम भी उसी सोसाइटी में रहते हैं। घर से कुछ दूरी पर ही होयसला पेट्रोल पंप पर हमे रोक लिया गया। दो पुलिसवालों ने हमे अपना आईडी कार्ड दिखाने को कहा। हम चौंक गए, आखिर क्यों दो वयस्कों को सामान्य दिन में टहलने पर रोक कर आईडी कार्ड दिखाने को कहा जा रहा।
लेकिन हमारे पास हमारे फोन और केक बॉक्स के अलावा कुछ नहीं था। सौभाग्य से हमारे पास अपने आधार कार्ड की फोटो थी। हमने उसे पुलिसवालों को दिखाया। लेकिन उन्होंने हमारा फोन ले लिया और हमसे सवाल जवाब करने लगे, हमारे रिश्ते के बारे में पूछने लगे, कहां काम करते हैं, माता-पिता कौन है। हम इस बात से सकते में थे, लेकिन हमने सारे सवालों के जवाब दिए। लेकिन दोनों में से एक पुलिसवाले ने चालान बुक निकाली और हमारा नाम लिखना शुरू कर दिया। मुश्किल को देखकर हमने पूछा किस बात का चालान हो रहा है।
पुलिसवाले ने हमसे कहा आप रात 11 बजे के बाद सड़क पर नहीं टहल सकते हैं। इस बेकार की वजह को सुनककर हमने पूछा कि क्या ऐसा कोई नियम है। उसने हमसे कहा कि आप पढ़े-लिखे लोगों को नियम के बारे में पता होना चाहिए। लेकिन हमारे पास कोई विकल्प नहीं था, हमने माफी मांगी ,दोनों पुलिसवाले इसी का इंतजार कर रहे थे। उन्होंने हमे जाने से रोका और 3000 रुपए का फाइन देने को कहा। हमने उनसे विनती की कि हमे जाने दो, लेकिन उन्होंने हमे गिरफ्तार करने की धमकी दी। मेरी पत्नी रो रही थी। जिसके बाद मैंने 1000 रुपए देने की बात कही। मैंने उन्हें पेटीएम क्यूआर कोड से पैसे दिए और पुलिसवालों ने हमे धमकी दी कि देर रात ना टहलें।












Click it and Unblock the Notifications