बेटी की हत्या कर बाप थाने पहुंचा

तेली और फकीर दोनों मुसलमान हैं लेकिन आपस में इन बिरादरियों में निकाह नहीं होती। यहां तक कि दोनों बिरादरियों में आपसी लेन देन भी नहीं होता। इसका कारण है कि तेली खुद को फकीर बिरादरी से श्रेष्ठ मानते हैं। युवती तीन दिन पहले अपने प्रेमी के साथ भाग गई थी। उसका प्रेमी शादीशुदा है उसके करीब आधा दर्ज बच्चे हैं। तीन दिन युवती घर लौट आई। वह उसके साथ शादी करने के जिद पर अड़ गई थी। कहने लगी कि जब वह निकाह करेगी तो उसी के साथ करेगी। बाप समझाता रहा हम तेली हैं। तेली की लड़की फकीर के साथ निकाह करेगी तो समाज में बदनामी होगी। जिद पर अड़ते देख गुस्से में उसके बाप सलीम ने उसी के दुपट्टे से गला घोटकर हत्या कर दी और स्वयं ही देहात थाने जा पहुंचा। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
हापुड़ के मुहल्ला फूलगढ़ी नई बस्ती का रहनेवाला सलीम सुबह सात बजे थाने पहुंचा। उसने बताया कि उसने अपनी बेटी 18 वर्षीय रेशमा की उसी के दुपट्टे से गला घोटकर हत्या कर दी है, शव घर पर पड़ा है। यह सुनकर पुलिसवाले सन्न रह गए। उन्होंने तत्काल सलीम को हिरासत में ले लिया और पुलिस अफसरों को सूचना देकर घटना स्थल पर पहुंचे। वहां काफी भीड़ लगी थी तथा रेशमा का शव घर के अंदर पड़ा था। कुछ ही देर में सीओ पवन यादव भी वहां पहुंच गए। सलीम ने गर्व से कहा वह तेली (मुसलमान) है वह गाजीपुर (दिल्ली ) में कबाड़े का काम करता है। 6 बच्चों में दूसरे नंबर की रेशमा पास में किराये पर रहने वाले चार बच्चों के पिता गजरौला निवासी फकीर (मुसलमान) आकिल के साथ भाग गयी थी। आकिल जेवरात रखने के डिब्बे बनाने का काम करता है।
बुधवार को उसे पता चला कि रेशमा के गढ़ से आगे एक होटल है। वह वहां गया और उसे ले आया। गुरुवार की सुबह सोकर उठने पर उसे काफी समझाया लेकिन वह आकिल के साथ निकाह करने की जिद करती रही। वह कहती रही होटल में आकिल के साथ उसके शारीरिक संबंध हो चुके हैं औऱ वह उससे अलग नहीं रहेगी। इससे सलीम गुस्से से तमतमा गया और हत्या कर दी। सलीम को बेटी की हत्या करने पर बिल्कुल भी पछतावा नहीं है। सलीम ने कहा उसकी बेटी रेशमा ने फकीर के युवक के साथ भागकर मेरे परिवार की इज्जत बर्बाद कर दी। सलीम का कहना था कि वह नहीं चाहता था कि बेटी की हत्या करे लेकिन वह रही सही इज्जत को बर्बाद करने पर तुली थी। उसका कहना है कि बेटी की मौत का गम तो है लेकिन जो कुछ उसने किया , उसका उसे कोई पछतावा नहीं है। पुलिस ने आनर किलिंग की इस घटना में रेशमा के पिता सलीम को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि सलीम की पत्नी और रेशमा के भाई -बहन पिता की हरकत से सहमत नहीं हैं।












Click it and Unblock the Notifications