कारसेवक मस्जिद तोड़ रहे थे, नरसिम्हा जी नारियल फोड़ रहे थे: कुलदीप नैयर

आपको बता दें कि जाने माने वरिष्ठ पत्रकार कुलदीप नैयर ने रोली बुक्स द्वारा प्रकाशित अपनी किताब बियांड दि लाइंस में छह दिसंबर 1992 की इस घटना का जिक्र किया है। ज्ञात हो कि यह पुस्तक अभी बाजार में नही है ये जल्द ही बाजार में आएगी।
नैयर ने अपनी किताब में लिखा है कि मुझे सूचना थी कि मस्जिद गिराए जाने में राव की मौन सहमति थी। जब कारसेवकों ने मस्जिद गिराना शुरू किया तो वह पूजा पर बैठ गए और जब आखिरी पत्थर भी हटा दिया गया तभी वह पूजा से उठे।
किताब में एक अध्याय नरसिम्हा राव सरकार पर भी है। इसमें कहा गया है कि मधु लिमये (दिवंगत समाजवादी नेता) ने बाद में मुझे बताया था कि पूजा के दौरान राव के सहयोगी ने उनके कान में कहा कि मस्जिद गिरा दी गई है। इसके कुछ क्षण बाद ही पूजा समाप्त हो गई। वहीं दिवंगत नरसिम्हा राव के पुत्र पीपी रंगा राव ने इस दावे को पूरी तरह से खारिज करते हुए इसे अविश्वसनीय और अपुष्ट करार दिया।
रंगा राव ने अफसोस जताते हुए कहा है कि नैयर जैसे पत्रकार र्सिफ निहित स्वार्थ के कारण उनके पिता के खिलाफ विषवमन कर रहे हैं , जबकि वह अपना बचाव करने के लिए जीवित नहीं हैं।
नैयर ने लिखा है कि मस्जिद गिराए जाने के बाद जब दंगे भड़क गए तो राव ने कुछ वरिष्ठ पत्रकारों को अपने घर पर बुलाया था। वह दुखी मन से बता रहे थे कि किस प्रकार उनकी सरकार ने मस्जिद को बचाने के लिए हर प्रयास किया, लेकिन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री कल्याण सिंह ने विश्वासघात किया।
उन्होंने लिखा है कि बाबरी मस्जिद गिराए जाने के लिए राव की सरकार को हमेशा जिम्मेदार ठहराया जाएगा। दिलचस्प बात है कि उन्हें ऐसी घटना की आशंका थी लेकिन उन्होंने इसे टालने के लिए वस्तुत: कोई कदम नहीं उठाया।
उस समय कल्याण सिंह उत्तर प्रदेश सरकार के मुखिया थे। उनके बयानों से संकेत मिलता था कि मस्जिद की सुरक्षा का उनका कोई इरादा नहीं है। हालांकि उच्चतम न्यायालय ने यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दिया था और उनकी सरकार ने वचन दिया था कि वह ऐसा करेगी।
नैयर के अनुसार कांग्रेस खेमे में खलबली थी, लेकिन यह मस्जिद गिराए जाने को लेकर नहीं थी बल्कि इसका कारण आंतरिक कलह था। सोनिया गांधी नरसिम्हा राव को पसंद नहीं करती थीं, खासकर जब राव ने कांग्रेस पार्टी और सरकार दोनों का नेतृत्व संभाल लिया।












Click it and Unblock the Notifications