मायावती के गढ़ में घुस कर राहुल गांधी ने उन्हें ललकारा
कांग्रेस वाराणसी में उत्तर प्रदेश महाधिवेशन का आयोजन कर रही है, वहीं बसपा सुप्रीमो ने लखनऊ में अपने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक बुलाई है। शाम तक दोनों ओर से धुआंधार राजनीतिक तीर चलने की पूरी आशंका है। बने रहिये वनइंडिया हिन्दी के साथ। ताज़ा अपडेट के लिए इस पेज को रिफ्रेश करें।
वाराणसी 4.15 बजे। आखिरकार कांग्रेस के युवराज ने मंच पर बोलना शुरू किया। राहुल ने सीधे तौर पर माया सरकार को कोसना शुरू कर दिया है। राहुल गांधी ने कहा कि मायावती डरपोक हैं और वो कांग्रेस की चुनौतियों का सामना नहीं कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि भट्टा परसौल को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार कई राज़ छिपा रही है। अगर भटटा परसौल में सब कुछ ठीक चल रहा है तो वो न्यायिक जांच क्यों नहीं करतीं। उन्होंने कहा कि वो अपने करमठ कार्यकर्ताओं के साथ यूपी के गांव-गांव तक जाएंगे।
वाराणसी 3.00 बजे। दिग्गजों और वरिष्ठ नेताओं के राहुल चालिसा के बाद कांग्रेसियों ने खेला नया दांव। अधिवेशन के दूसरे सत्र में युवाओं को अपने विचार व्यक्त करने का मौका दिया गया है। युवा नेता अपना भाषण शाम 4 बजे से देना शुरू करेंगें।
वाराणसी 1:30 बजे। कांग्रेस अधिवेशन में सभी बड़े नेता कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आत्ममंथन करने की अपील कर रहे हैं। ज्यादातर नेता राहुल गांधी की तारीफों के पुल बांधते दिखे यानी 'राहुल चालीसा' पढ़ते हुए दिखे। सभी ने भट्टा परसौल गांव में राहुल गांधी के धरने की तारीफ की। इसके अलावा ग्रेटर नोएडा के आगे की कार्रवाईयों में राहुल गांधी पर पूरा विश्वास व्यक्त किया।
वाराणसी, 12:15 बजे। कांग्रेस महाधिवेशन के पंडाल में शॉट सर्किट से आग लगने के कारण यहां भगदड़ मच गई। कांग्रेस कार्यकर्ता इधर-उधर भागते दिखे। ताज़ा जानकारी के मुताबिक राहुल गांधी समेत सभी वरिष्ठ नेता सुरक्षित हैं।हालांकि आग बहुत छोटी थी, लेकिन पंडाल में किसी बड़े हादसे के डर से कार्यकर्ता इधर-उधर भागते दिखे।
वाराणसी, 11:45 बजे। कांग्रेस सांसद श्री प्रकाश जयसवाल ने कहा कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश को विकसित राज्य बनाना चाहती है। उसके लिए सत्ता में आना जरूरी है और सत्ता में आने के लिए कांग्रेसी हर स्तर पर संघर्ष करने को तैयार हैं।
वाराणसी, 11:30 बजे। सांसद सलमान खुर्शीद ने अपने अनुभव बांटते हुए कहा कि यूपी की जनता मायावती से पूरी तरह त्रस्त हो चुकी है। अब जरूरत है, जनता को सही सत्ता दिलाने की जो सिर्फ कांग्रेस ही कर सकती है, क्योंकि कांग्रेस के पास शासन का अनुभव है।
वाराणसी, 11:15 बजे। कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने अपनी ही पार्टी की कलई खोल दी। उन्होंने कहा कि पार्टी में अंतरकलह है, जिसे दूर करने की जरूरत है। यदि हम एक नहीं हुए तो कभी आगे नहीं बढ़ पायेंगे। दिग्विजय सिंह ने कहा कि आज जरूरत है कांग्रेस के सभी कार्यकर्ताओं के एक होने की। आपसी विवाद खत्म कर देना चाहिये। राहुल गांधी जी यहां आये हैं। हम उनके दिशा-निर्देश में हम अपनी मां कंग्रेस पार्टी को लेकर आगे बढ़ना है।
वाराणसी, 11:02 बजे। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने बसपा सरकार पर प्रहार करते हुए कहा कि बसपा ने दलितों के लिए कभी कुछ नहीं किया। मायावती ने ना तो बिजली संयंत्र लगाये और ना ही राज्य का आद्योगिकीकरण किया। सरकार ने सिर्फ लूट खसोट के सिवा कुछ नहीं किया। अब वक्त आ गया है ऐसी सरकार को उखाड़ फेंकने का।
लखनऊ, 10:55 बजे। मायावती ने बसपा के सभी पदाधिकारियों को बुला लिया है। मायावती को अच्छी तरह पता है कि कांग्रेस को भट्टा परसौल में मिली राख उनके सफेदपोश नेताओं को काला कर सकती है। इस राख में कंकालों के मिलने की खबर से बसपा के मंत्री मीडिया से बात तक नहीं कर रहे हैं।
लखनऊ, 10:50 बजे। मायावती के आवास पर होने जा रही बैठक में जाने से पहले उनके एक विधायक ने फोन पर बताया कि यह बैठक तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, असम, पुडुचेरी और केरल के चुनावी नतीजों को देखते हुए यूपी विधानसभा चुनाव की रणनीति बनाने के लिए की जा रही है। इस बैठक में भट्टा परसौल की घटना की समीक्षा के साथ-साथ यह तय किया जाएगा कि कांग्रेस को कैसे जवाब दिया जाये।
वाराणसी, 10:45 बजे। राहुल गांधी मंच पर बैठ चुके हैं। रीता बहुगुणा जोशी ने मंच पर कहा कि कांग्रेस पार्टी अब उत्तर प्रदेश में अपना चुनावी बिगुल फूंक चुकी है।
वाराणसी, 10:30 बजे। राहुल गांधी अधिवेशन में पहुंचे यहां उन्होंने राष्ट्रगान के साथ अधिवेशन को शुरू किया। वंदे मातरम के साथ मंच पर मां सरस्वती का पूजन हुआ। राहुल गांधी जिंदाबाद के नारे शुरू हो गये।
वाराणसी, 10 बजे। वारणसी में महाधिवेशन की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। कांग्रेस के हजारों कार्यकर्ता भाजपा के गढ़ में पहुंच चुके हैं। पूरा वाराणसी कांग्रेसमय हो गया है। प्रदेश अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी, दिग्विजय सिंह, प्रमोद तिवारी, आरपीएन सिंह, सलमान खुर्शीद, राजीव शुक्ला, जितिन प्रसाद, जगदम्बिका पाल समेत साभी सांसद-विधायक पहुंच चुके हैं। इस अधिवेशन का समापन कल कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी करेंगी।













Click it and Unblock the Notifications