यूपी महाधिवेशन में कांग्रेसियों ने शुरू की 'राहुल चालीसा'
जी हां उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी से लेकर केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद व श्रीप्रकाश जायसवाल तक सभी राहुल गांधी के भजन गा रहे हैं। बस कार्यकर्ताओं के हाथों में ढोल मंजीरों की कमी है, नहीं तो यह अधिवेशन 'राहुल भजन संध्या' से कम नहीं लगता।
राहुल गांधी के अधिवेशन से पहले रीता बहुगुणा जोशी ने पहला भजन गाया। प्रदेश अध्यक्षा ने कहा कि राहुल गांधी ने जिस तरह भट्टा परसौल में संघर्ष किया है, वो कोई आसान बात नहीं। उसके बाद हमरे कार्यकर्ताओं पर मायावती सरकार ने लाठियां भांजी और उन्हें जेल भेजा। हम सब मिलकर राहुल जी की उस गिरफ्तारी का बदला लोकतांत्रिक ढंग से लेंगे।
राहुल के अधिवेशन में पहुंचे और बोले कि मैं पहले सबको सुनूंगा फिर बोलूंगा। इसके बाद दिग्विजय सिंह की 'राहुल वाणी' में कार्यकर्ताओं को उनसे प्रेरित होने की बात कही गई। दिग्विजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आपसी फूट से काम नहं चलेगा। सभी को राहुल जी से प्रेरणा लेनी चाहिये, जिस तरह वो निस्वार्थ भाव से देश सेवा में जुटे हुए हैं, उसी तरह हर कांग्रेस कार्यकर्ता को आगे बढ़ना चाहिये। आपसी विवाद खत्म कर देना चाहिये। राहुल गांधी जी यहां आये हैं। हम उनके दिशा-निर्देश में हम अपनी मां कंग्रेस पार्टी को लेकर आगे बढ़ना है।
कांग्रेस सांसद श्री प्रकाश जयसवाल ने कहा कि राहुल गांधी उत्तर प्रदेश को विकसित राज्य बनाना चाहते हैं। असल में यह ख्वाब सिर्फ उनका नहीं बल्कि पूरी कांग्रेस का है। उसके लिए सत्ता में आना जरूरी है और सत्ता में आने के लिए कांग्रेसी हर स्तर पर संघर्ष करने को तैयार हैं।
सांसद सलमान खुर्शीद ने अपने अनुभव बांटते हुए कहा कि यूपी की जनता मायावती से पूरी तरह त्रस्त हो चुकी है। अब जरूरत है, जनता को सही सत्ता दिलाने की जो सिर्फ कांग्रेस ही कर सकती है, क्योंकि कांग्रेस के पास शासन का अनुभव है। राहुल गांधी जी के दिशा-निर्देश में हम आगे बढ़ेंगे और उत्तर प्रदेश की खोई हुई गरिमा को फिर से वापस लायेंगे।
खैर यह तो उदाहरण मात्र हैं। कांग्रेस अधिवेशन में अगर मायावती के खिलाफ भड़ास और समाजवादी पार्टी व भाजपा के खिलाफ बयानबाजी चलती रही तो दो दिन के इस महाधिवेशन से कांग्रेस को कुछ हांसिल नहीं होने वाला। इस तरह से यह पार्टी फिर से अपने मकसद में भटक रही है। क्योंकि यहां पर साफ जाहिर हो रहा है कि सभी कांग्रेसी नेता राहुल गांधी के कंधे पर बंदूक रखकर गोलियां चला रहे हैं। आज तो पहला दिन है, कल सोनिया गांधी आ रही हैं, तो तैयार रहिये कल इसी अधिवेशन में 'सोनिया चालीसा' भी पढ़ी जाएगी।
;












Click it and Unblock the Notifications