हेलमंद प्रांत में धमाका, 17 मौतें

दक्षिणी अफ़गानिस्तान के हेलमंद प्रांत के एक गांव के बाज़ार में हुए ज़बर्दस्त धमाके में कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई है और 15 लोग घायल हैं.
लश्कर गाह शहर के पास बाबाजी में हुए इस हमले का निशाना किसान और दुकानदार बने जो भेड़ों की खरीद बिक्री करने के लिए बाज़ार में थे.
स्थानीय पुलिस का कहना है कि यह धमाका साइकिल में बांधे गए बम से किया गया था और इसमें रिमोट के ज़रिए विस्फोट किया गया.
इससे पहले की रिपोर्टों में प्रांतीय सरकार के प्रवक्ता के हवाले से कहा गया था कि यह धमाका आत्मघाती हमलावर ने किया था.
लश्कर गाह शहर हेलमंद प्रांत के मारजाह के पास है जहां पिछले कुछ समय से तालेबान के ख़िलाफ़ नैटो का बड़ा अभियान चल रहा है.
इस इलाक़े में विदेशी सैनिक बड़ी संख्या में है जिसमें अमरीकी और ब्रितानी सैनिकों की संख्या सबसे अधिक है.
काबुल से बीबीसी संवाददाता डेविड लॉयन का कहना है कि धमाके के दौरान कोई विदेशी सैनिक वहां मौजूद नहीं था.
तालेबान ने पिछले कुछ वर्षों में बयान जारी कर अपने लड़ाकों से कहा है कि वो कोशिश करें कि धमाकों में आम लोगों को नुकसान न हो.
अफ़गानिस्तान में सैनिकों और तालेबान लड़ाकों के बीच चल रहे संघर्ष में आम लोग फंस रहे हैं लेकिन इस बार यह विस्फोट ऐसे स्थान पर किया गया है जहां आम लोगों की संख्या सबसे अधिक थी.












Click it and Unblock the Notifications