Vaibhav Sooryavanshi: सैलरी से ढाई गुना कमा गए वैभव सूर्यवंशी, अगले साल बढ़ जाएगी रकम
Vaibhav Sooryavanshi: भारतीय प्रीमियर लीग 2026 में राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपने बल्ले से तहलका मचा दिया। महज 15 साल की उम्र में इस खिलाड़ी ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से दिग्गजों को हैरान कर दिया। पूरे सीजन में शानदार प्रदर्शन करने वाले वैभव ने न केवल प्रशंसकों का दिल जीता, बल्कि अपनी फ्रेंचाइजी के भरोसे को भी सही साबित किया।
नीलामी में राजस्थान रॉयल्स ने इस उभरते हुए खिलाड़ी को 1.10 करोड़ रुपये की रिटेनर फीस पर अपनी टीम में शामिल किया था। मैदान पर उतरते ही वैभव ने इस कीमत को बहुत छोटा साबित कर दिया। पूरे टूर्नामेंट के दौरान उनका बल्ला लगातार रन उगलता रहा, जिसके दम पर उन्होंने अपनी टीम को कई रोमांचक मुकाबलों में जीत दिलाई, उन्होंने सबसे ज्यादा 776 रन बनाए।

मैच फीस से हुई मोटी कमाई
नियमों के मुताबिक आईपीएल में हर खिलाड़ी को प्रति मैच 7.5 लाख रुपये की फीस मिलती है। वैभव सूर्यवंशी ने इस सीजन में राजस्थान रॉयल्स के लिए सभी 16 मुकाबलों में शिरकत की। इस तरह उन्होंने सिर्फ मैदान पर उतरने और खेलने के बदले मैच फीस के रूप में कुल 1.20 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि अपनी जेब में डाली।
पुरस्कारों की लगी लंबी कतार
इस सीजन में वैभव ने कुल 776 रन बनाकर प्रतिष्ठित 'ऑरेंज कैप' अपने नाम की। टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बनने पर उन्हें 'मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर' (MVP) चुना गया, जिसके लिए 15 लाख रुपये मिले। इसके अलावा सीजन में सबसे ज्यादा 72 छक्के लगाने और धमाकेदार स्ट्राइक रेट के लिए भी उन्हें विशेष इनाम दिए गए।
कुल कमाई 2.50 करोड़ के पार
ऑरेंज कैप और इमर्जिंग प्लेयर जैसे पांच बड़े अवॉर्ड्स से वैभव ने 55 लाख रुपये और एक चमचमाती टाटा सिएरा कार जीती। इसके साथ ही मैचों के दौरान मिलने वाले 'इलेक्ट्रिक स्ट्राइकर' जैसे छोटे पुरस्कारों को मिलाकर, 15 वर्षीय इस प्रतिभावान क्रिकेटर ने आईपीएल 2026 से कुल 2.50 करोड़ रुपये से अधिक की ऐतिहासिक कमाई की है। आने वाले सीजन वैभव को अपनी टीम में शामिल करने की होड़ लगी रहेगी।













Click it and Unblock the Notifications