खाद्य सामग्री के लिए स्थान निर्धारित

संयुक्त राष्ट्र के विश्व खाद्य कार्यक्रम (यूएनडब्लूएफ़पी) ने कहा है कि हेती की राजधानी पोर्ट-ओ-प्रिंस में खाद्य सामग्री बांटने के लिए उसने स्थान निर्धारित कर दिए हैं. इन जगहों पर भूकंप पीड़ितों के लिए खाने का सामान इकट्ठा करने के लिए सिर्फ़ महिलाओं को ही आने की अनुमति होगी.
संवाददाताओं का कहना है कि यूएनडब्लूएफ़पी ने ऐसा इसलिए किया है क्योंकि आम तौर पर खाना बांटने के लिए लगी कतार में अपने हिस्से का खाना लेने के लिए पुरुष महिलाओं को धकेलकर आगे बढ़ जाते थे. यूएनडब्लूएफ़पी की एक प्रवक्ता का कहना है कि खाद्य सामग्री बांटने के स्थान भी निर्धारित कर दिए गए हैं,.
उसका कहना है कि इस नए तरीके से उनकी एजेंसी ज़्यादा से ज़्यादा भूकंप पीड़ितों तक मदद पहुंचा पाने में सफल होगी. विश्व खाद्य कार्यक्रम पोर्ट-ओ-प्रिंस में रह रहे भूकंप पीड़ित परिवारों के लिए खाद्य सामग्री इकट्ठा करने के लिए कूपन बांटने का कार्यक्रम भी चला रही है.
खाद्य सामग्री का ये कूपन दिखाकर भूकंप पीड़ित अपने परिवार के लिए 25 किलो चावल ले जा पाएंगे. ये चावल उनके क़रीब दो हफ़्तों के खाने के लिए पर्याप्त होगा. शुक्रवार को अमरीका की सेना ने कहा कि भूकंप में घायल हुए हेती के लोगों को इलाज के लिए हवाई जहाज से अमरीका ले जाने को अभी टाल दिया गया है क्योंकि इसमें जो खर्च आ रहा था, उसे लेकर विवाद पैदा हो गया है.












Click it and Unblock the Notifications