CUET UG परीक्षा में टेक्निकल ग्लिच! NTA ने 30 मई की परीक्षा के लिए दोपहर शिफ्ट का समय बदला, देखें नया शेड्यूल
CUET UG 2026 Exam: देशभर में आयोजित की जा रही कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET-UG) 2026 के दौरान शनिवार, 30 मई को कुछ परीक्षा केंद्रों पर तकनीकी गड़बड़ी के कारण परीक्षा शुरू होने में देरी हुई। इसके बाद राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने तत्काल स्थिति का संज्ञान लेते हुए प्रभावित केंद्रों के लिए संशोधित परीक्षा समय जारी किया और छात्रों को पूरा अतिरिक्त समय देने का फैसला किया।
NTA ने स्पष्ट किया है कि किसी भी उम्मीदवार को नुकसान नहीं होने दिया जाएगा और जिन केंद्रों पर परीक्षा देर से शुरू हुई, वहां परीक्षार्थियों को प्रश्नपत्र हल करने के लिए पूरा निर्धारित समय दिया जा रहा है। दोपहर की शिफ्ट के एग्जाम की टाइमिंग बदली गई है।

NTA Technical Glitch Exam Center: TCS की तकनीकी समस्या के कारण हुई देरी
NTA के अनुसार, परीक्षा संचालन से जुड़ी एजेंसी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) की ओर से जानकारी दी गई कि 30 मई 2026 को कुछ परीक्षा केंद्रों पर तकनीकी समस्या के कारण CUET-UG परीक्षा समय पर शुरू नहीं हो सकी। एजेंसी ने बताया-TCS की तकनीकी प्रणाली में आई अस्थायी गड़बड़ी के कारण कुछ केंद्रों पर परीक्षा शुरू होने में देरी हुई। हालांकि समस्या को जल्द ही ठीक कर लिया गया और अब परीक्षा सामान्य रूप से आयोजित की जा रही है। NTA ने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रभावित छात्रों को पूरा क्षतिपूरक समय (Compensatory Time) दिया जा रहा है।
आज के दोपहर सत्र का समय बदला, देखें नई टाइमिंग
तकनीकी समस्या को देखते हुए NTA ने दोपहर सत्र के लिए नया समय जारी किया है। रिपोर्टिंग और एंट्री का समय दोपहर 2:30 बजे से शुरू। परीक्षा शुरू होने का समय दोपहर 3:00 बजे के स्थान पर अब शाम 4:00 बजे से परीक्षा शुरू होगी। यानी परीक्षा शुरू होने का समय एक घंटे आगे बढ़ा दिया गया है।
NTA पर लगातार बढ़ रहा दबाव
CUET में आई तकनीकी समस्या ऐसे समय सामने आई है जब NTA पहले से ही कई विवादों का सामना कर रही है। हाल ही में आयोजित NEET-UG 2026 परीक्षा को पेपर लीक और अन्य अनियमितताओं के आरोपों के बाद रद्द करना पड़ा था। इसके बाद शिक्षा मंत्रालय ने मामले की जांच CBI को सौंप दी और 22 लाख से अधिक छात्रों के लिए पुनः परीक्षा कराने का फैसला लिया। अब CUET में आई तकनीकी समस्या ने NTA की कार्यप्रणाली को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
सुबह की शिफ्ट के छात्रों को भी मिलेगा पूरा समय
NTA ने कहा कि जिन छात्रों की परीक्षा सुबह की शिफ्ट में थी और तकनीकी कारणों से देर से शुरू हुई, उन्हें भी पूरा परीक्षा समय दिया जा रहा है। एजेंसी के अनुसार किसी भी छात्र की एग्जाम ड्यूरेशन कम नहीं की जाएगी। छात्र निर्धारित प्रश्नपत्र की पूरी अवधि समाप्त होने के बाद ही परीक्षा कक्ष से बाहर जा सकेंगे। सभी प्रभावित केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
NTA ने परीक्षा में हुई असुविधा के लिए छात्रों और उनके अभिभावकों से खेद व्यक्त किया है। एजेंसी ने कहा कि तकनीकी गड़बड़ी के कारण हुई असुविधा के लिए हमें खेद है। हमारा प्रयास है कि सभी परीक्षार्थियों को निष्पक्ष और समान अवसर मिले।
ईद-उल-अजहा के कारण री-शेड्यूल हुई थीं परीक्षाएं, 31 मई के एडमिट कार्ड जारी
इससे पहले, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने बीते 28 मई को उन परीक्षाओं की संशोधित तारीखें और एडमिट कार्ड जारी किए थे, जिन्हें पहले 28 मई को ईद-उल-अजहा (Eid-ul-Azha) के त्योहार के चलते स्थगित (Reschedule) कर दिया गया था।एनटीए के अनुसार, ये स्थगित की गई परीक्षाएं अब 31 मई, 6 जून और 7 जून 2026 को आयोजित की जाएंगी।
31 मई को होने वाली परीक्षा के एडमिट कार्ड लाइव कर दिए गए हैं। छात्र इसे सीयूईटी की आधिकारिक वेबसाइट cuet.nta.nic.in पर जाकर डाउनलोड कर सकते हैं। NTA के मुताबिक 6 और 7 जून को होने वाले पेपरों के प्रवेश पत्र भी जल्द ही आधिकारिक पोर्टल पर अपलोड कर दिए जाएंगे।
क्या है CUET-UG?
CUET यानी कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट देश की सबसे बड़ी प्रवेश परीक्षाओं में से एक है। यह परीक्षा NTA द्वारा आयोजित की जाती है और इसके माध्यम से केंद्रीय विश्वविद्यालयों,राज्य विश्वविद्यालयों,निजी विश्वविद्यालयों,और अन्य उच्च शिक्षण संस्थानों में स्नातक (UG) पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाता है।
हर साल लाखों छात्र इस परीक्षा में शामिल होते हैं। फिलहाल परीक्षा सामान्य रूप से जारी है और NTA आने वाले दिनों में आयोजित होने वाली शेष परीक्षाओं के लिए भी सभी आवश्यक तकनीकी और प्रशासनिक तैयारियों को मजबूत करने में जुटी हुई है।














Click it and Unblock the Notifications