Asian Games Trials: WFI का बड़ा फैसला, विनेश फोगाट को 53kg कैटेगरी में ट्रायल्स खेलने की मिली मंजूरी
Vinesh Phogat Asian Games Trials: नई दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम में चल रहे एशियन गेम्स 2026 के सिलेक्शन ट्रायल्स में स्टार पहलवान और जुलाना विधायक विनेश फोगाट का रास्ता साफ हो गया है। भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) ने शनिवार को आधिकारिक बयान जारी कर विनेश को महिलाओं के 53 किलोग्राम भार वर्ग में भाग लेने की मंजूरी दे दी।
विनेश का वजन 53.9 किलोग्राम रहा (Vinesh Phogat Asian Games Trials)
शनिवार सुबह आयोजित वजन प्रक्रिया में विनेश का वजन 53.9 किलोग्राम रहा। जिसके बाद उन्हें तय नियमों के तहत 53kg के ड्रॉ में स्लॉट किया गया। अब इस वर्ग में देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए उनका मुकाबला मुख्य रूप से मीनाक्षी गोयत और अंतिम पंघाल से होगा। इस ट्रायल की विजेता खिलाड़ी इस साल के अंत में होने वाले एशियन गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी।

कोर्ट के निर्देश पर सख्त निगरानी
चयन प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली हाईकोर्ट के आदेशानुसार विशेष कड़े इंतजाम किए गए हैं। भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) की प्रतिनिधि अदिति चौहान और भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के एम.एम. सोमाया स्वतंत्र पर्यवेक्षक के रूप में स्टेडियम में मौजूद हैं। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पूरे ट्रायल्स की आधिकारिक वीडियो रिकॉर्डिंग कराई जा रही है। इस दौरान डब्ल्यूएफआई के अध्यक्ष संजय सिंह भी वहां उपस्थित रहे।
मैटरनिटी लीव के कारण बाहर करने की नीति को कोर्ट ने माना
विनेश फोगाट को इस ट्रायल में शामिल करने के पीछे दिल्ली हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच का वह अंतरिम आदेश है, जिसमें महासंघ की खेल नीति को प्राथमिक रूप से मनमाना माना गया था। विनेश ने दिसंबर साल 2024 में अंतरराष्ट्रीय टेस्टिंग एजेंसी (ITA) को गर्भावस्था के कारण खेल से ब्रेक लेने की सूचना दी थी। जुलाई 2025 में उन्होंने अपने पहले बच्चे को जन्म दिया।
बच्चे के जन्म के बाद दोबारा शुरू की ट्रेनिंग
बच्चे के जन्म के बाद विनेश ने दोबारा ट्रेनिंग शुरू की और आईटीए ने उन्हें 1 जनवरी 2026 से प्रतिस्पर्धात्मक खेल में लौटने की अनुमति दे दी थी। डब्ल्यूएफआई की नीति के तहत केवल 2025 और 2026 के घरेलू टूर्नामेंट के पदक विजेताओं को ही ट्रायल्स में प्रवेश मिल रहा था। अदालत ने माना कि मातृत्व अवकाश के कारण विनेश इन टूर्नामेंट्स में भाग नहीं ले सकी थीं, इसलिए उन्हें इस आधार पर बाहर रखना पूरी तरह भेदभावपूर्ण है।
इससे पहले शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट ने विनेश को अंतरिम राहत प्रदान की थी। लेकिन साथ ही डब्ल्यूएफआई की उस याचिका पर विनेश से जवाब भी मांगा है जिसमें उनके सीधे ट्रायल्स में शामिल होने को चुनौती दी गई है। शीर्ष अदालत इस मामले पर अब सोमवार (1 जून) को सुनवाई करेगी।















Click it and Unblock the Notifications