आतंकवाद के विरुद्ध कठोर कानून चाहते हैं कलाम
अहमदाबाद, 14 सितम्बर (आईएएनएस)। पूर्व राष्ट्रपति ए.पी.जे. अब्दुल कलाम ने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई के लिए आम लोगों की मदद से एकीकृत खुफिया एजेंसी के निर्माण के साथ कठोर आतंकवाद विरोधी कानून बनाने की वकालत की है।
कलाम ने शनिवार को यहां कहा, "आतंकवाद का समूल नाश करने के लिए एक राष्ट्रीय अभियान चलाया जाना चाहिए। आतंकवादी भी समाज में रहकर ही काम करते हैं। वे घरो और होटलों में रहते हैं इसलिए अगर उनके खिलाफ लड़ाई में जन सामान्य को शामिल किया जाए तो उन्हें रोका जा सकता है।"
कलाम यहां भारतीय प्रबंधन संस्थान में 'ग्लोबलाइजेशन एंड रीसर्जेट इंडिया थ्रो इनोवेटिव ट्रांसफार्मेशन' विषय पर एक व्याख्यान देने आए थे। उन्होंने कहा कि आतंकवाद को रोकने के लिए देश के हर नागरिक को एक पहचान कोड दिए जाने की आवश्यकता है।
उल्लेखनीय है कि गत 26 जुलाई को अहमदाबाद में हुए 20 सिलसिलेवार धमाकों ने शहर को थर्रा कर रख दिया था। इस आतंकवादी हमले में 56 लोग मारे गए थे। इसके अलावा सूरत में 25 बम बरामद किए गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications