Amrit Bharat Express: अब UP से मुंबई-पुणे जाना हुआ आसान! दौड़ेंगी 2 नई ट्रेनें, चेक करें रूट-टाइमिंग और किराया
Amrit Bharat Express Trains: भारतीय रेलवे ने उत्तर प्रदेश के यात्रियों और श्रद्धालुओं के लिए एक बड़ी खुशखबरी दी है। 28 अप्रैल 2026 को पीएम नरेंद्र मोदी उत्तर प्रदेश से दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना कर दिया। ये ट्रेनें बनारस से पुणे (हड़पसर) और अयोध्या कैंट से मुंबई (लोकमान्य तिलक टर्मिनस) के बीच चलेंगी।
पीआईबी (PIB) की रिपोर्ट के अनुसार, इन ट्रेनों के शुरू होने से उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच न केवल कनेक्टिविटी बेहतर होगी, बल्कि आम यात्रियों के लिए लंबी दूरी का सफर भी सस्ता और सुविधाजनक हो जाएगा।

अमृत भारत एक्सप्रेस को विशेष रूप से कम और मध्यम आय वाले परिवारों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। यह पूरी तरह से नॉन-एसी ट्रेन है, जो आधुनिक सुविधाओं और सुरक्षा मानकों से लैस है।
ये ट्रेनें उन लाखों कामगारों और तीर्थयात्रियों के लिए एक वरदान साबित होंगी, जो अक्सर वाराणसी, अयोध्या और मुंबई जैसे प्रमुख केंद्रों के बीच यात्रा करते हैं। इन ट्रेनों की लॉन्चिंग के साथ ही देश में कुल चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस सेवाओं की संख्या बढ़कर 66 हो जाएगी। आइए जानतें हैं इन ट्रेनों का पूरा शेड्यूल, रूट और अन्य सुविधाएं क्या हैं?
ट्रेन की आधुनिक सुविधाएं और तकनीक
अमृत भारत एक्सप्रेस में अत्याधुनिक 'पुश-पुल' तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। इसमें ट्रेन के दोनों सिरों पर इंजन (लोकोमोटिव) होते हैं, जिससे ट्रेन को तेजी से गति पकड़ने और रुकने में मदद मिलती है। इस तकनीक के कारण सफर के समय में भी बचत होती है।
ट्रेन की बनावट वंदे भारत स्लीपर से मिलती है। इसमें झटके मुक्त यात्रा के लिए सेमी-ऑटोमैटिक कपलर लगाए गए हैं। सुरक्षा के लिए इसमें सीसीटीवी कैमरे, आपातकालीन टॉक-बैक सिस्टम और एरोसोल-आधारित अग्निशमन प्रणाली मौजूद है। यात्रियों के लिए मोबाइल चार्जिंग (USB Type-A और Type-C), बेहतर लाइटिंग और आधुनिक टॉयलेट्स की सुविधा भी दी गई है।
From the birthplace of Prabhu Shree Ram to the city of dreams
— Ministry of Railways (@RailMinIndia) April 27, 2026
This new #AmritBharatExpress connects heritage, hopes and endless opportunities.
Can you guess the route? pic.twitter.com/CO3YczGtNA
रूट और स्टेशनों की जानकारी
1. बनारस-हड़पसर (पुणे) अमृत भारत एक्सप्रेस (02531)
यह ट्रेन बनारस से शाम 4:45 बजे प्रस्थान करेगी और करीब 30 घंटे का सफर तय कर अगले दिन देर रात पुणे के हड़पसर पहुंचेगी। अपने रूट पर यह कुल 18 मुख्य स्टेशनों पर रुकेगी।
- ज्ञानपुर रोड
- प्रयागराज
- फतेहपुर
- गोविंदपुरी
- उरई
- वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी
- बीना
- रानी कमलापति (भोपाल)
- नर्मदापुरम
- इटारसी
- हरदा
- खंडवा
- भुसावल़
- जलगांव
- मनमाड
- कोपरगांव
- अहिल्यानगर
- दौंड
2. अयोध्या कैंट-मुंबई एलटीटी (LTT) अमृत भारत एक्सप्रेस (02212)
यह साप्ताहिक ट्रेन अयोध्या धाम से शाम 4:45 बजे रवाना होगी और लगभग 28 घंटे में मुंबई पहुंचेगी। इसके रूट में 12 प्रमुख स्टॉप शामिल हैं।
- सुलतानपुर
- मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़
- प्रयागराज
- माणिकपुर
- सतना
- जबलपुर
- इटारसी
- भुसावल
- जलगांव
- नासिक रोड
- कल्याण
- ठाणे
किराया और बुकिंग नियम
अमृत भारत एक्सप्रेस का किराया आम आदमी की जेब के अनुकूल रखा गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, स्लीपर क्लास का किराया लगभग 500 रुपये प्रति 1,000 किमी के आसपास बैठता है। इसमें कोई 'डायनेमिक प्राइसिंग' (किराया बढ़ने की प्रक्रिया) लागू नहीं होती है।
- न्यूनतम किराया: स्लीपर क्लास के लिए 200 किमी तक 149 रुपये और जनरल क्लास के लिए 50 किमी तक मात्र 36 रुपये तय किया गया है।
- नोट: अमृत भारत-II (2026) सेवाओं में आरएसी (RAC) की सुविधा नहीं है; यहां सीटें या तो पूरी तरह से कंफर्म होंगी या फिर वेटिंग लिस्ट में रहेंगी।
यात्रियों को होने वाले मुख्य लाभ
इन ट्रेनों के चलने से सबसे बड़ा फायदा उन श्रद्धालुओं को होगा जो काशी विश्वनाथ धाम और अयोध्या के श्री राम मंदिर के दर्शन करना चाहते हैं। साथ ही, पुणे और मुंबई जैसे औद्योगिक शहरों में काम करने वाले यूपी के प्रवासी मजदूरों को अब सीधा और सस्ता साधन मिल गया है। प्रयागराज जैसे शैक्षणिक केंद्र के छात्रों के लिए भी यह एक बेहतर विकल्प है। यह ट्रेन कृषि क्षेत्रों जैसे जलगांव (केला हब) और इटारसी के व्यापारियों को भी बड़े बाजारों से जोड़ने का काम करेगी।
यात्रा के अन्य विकल्प
इन रूट्स पर पहले से ही कई सुपरफास्ट और एक्सप्रेस ट्रेनें चल रही हैं। इसके अलावा, जो यात्री प्रीमियम और तेज यात्रा चाहते हैं, उनके लिए वंदे भारत एक्सप्रेस जैसे विकल्प भी मौजूद हैं। हालांकि, कम बजट में लंबी दूरी तय करने के लिए अमृत भारत एक्सप्रेस वर्तमान में सबसे बेहतरीन विकल्प बनकर उभरी है।
नोट: आधिकारिक रूट और समय 28 अप्रैल 2026 की लॉन्चिंग रिपोर्ट पर आधारित हैं। यात्रा से पहले रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट पर लेटेस्ट अपडेट जरूर चेक करें।












Click it and Unblock the Notifications