Fact Check: पुणे में हॉर्न बजाने को लेकर हुआ झगड़ा, PAK के खिलाफ बोलने व पहलगाम हमले से जोड़कर Video Viral
Fact Check Pune Street Fight viral video: पहलगाम आंतकी हमले 2025 में हिंदुओं को धर्म पूछ-पूछकर गोली मारने और उसके बाद भारत-पाकिस्तान के बीच जंग जैसे हालात के बीच सोशल मीडिया पर महाराष्ट्र के पुणे से एक वीडियो तेजी से वायरल रहा है, जिसमें पाकिस्तान के खिलाफ बोलने पर हिंदू परिवार पर हमले का दावा किया जा रहा है। फैक्ट चेक में सामने आई सच्चाई कुछ और ही है।
Pune Viral Video: पुणे से मारपीट का वीडियो वायरल
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में बीच सड़क पर एक दूसरे पर पत्थर मारे जा रहे हैं। बैल्ट व लात-घूसों से भी मारपीट की जा रही है। कपड़े तक फाड़ दिए गए। कुछ लोग बीच-बचाव भी करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में किसी हर्ष का नाम सुनाई दे रहा है। पहनावे को देख कहा जा सकता है कि मारपीट करने वालों में मुस्लिम भी शामिल हैं।

दावा: पहलगाम हमले के बाद गुस्से में था हिंदू परिवार
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर Cyber Huntss ने लिखा कि 'पुणे में पाकिस्तान के खिलाफ पोस्ट करने पर एक हिंदू परिवार पर हमला किया गया। अपने ही देश में रह कर आप पाकिस्तान के खिलाफ नहीं बोल सकते। इसी तरह से Yati Sharma नाम की आईडी से भी यह वीडियो शेयर करते हुए लिखा गया है कि 'देश के कुछ हिस्से मे अब आप दुश्मन देश पाकिस्तान के खिलाफ प्रदर्शन भी नहीं कर सकते घटना। पुणे की पाकिस्तान के खिलाफ पोस्ट करने पर एक हिंदू परिवार पर हमला कर दिया गया। हिन्दू परिवार का कसूर इतना था की बो देश भक्त था और #PahalgamTerroristAttack के बाद से पाकिस्तान के खिलाफ गुस्से मे था।'
पुणे वायरल वीडियो का फैक्ट चेक
वनइंडिया हिंदी फैक्ट चेक टीम ने देश में साम्प्रदायिक सौहार्द बिगड़ने का दावा करने वाले इस वीडियो की पड़ताल की। सबसे पहले हमने सोशल मीडिया पर ही Pune कीवर्ड से सर्च किया। हमें Ghar Ke Kalesh नाम की आईडी से 29 अप्रैल की दोपहर को यह वीडियो शेयर किया हुआ मिला, मगर वीडियो के बारे में इन्होंने कुछ अलग जानकारी दी। लिखा-'पुणे के भवानी पेठ में कार का हॉर्न बजाने की मामूली वजह पर कलेश भड़क गया। एक व्यक्ति ने पत्थर फेंके।'

वायरल वीडियो में दो पक्षों के बीच मारपीट की वजह पाकिस्तान के खिलाफ बोलने व पहलगाम आतंकी हमले की बजाय कार का हॉर्न बजाने बात सामने आई तो हमने पड़ताल को आगे बढ़ाया और Google Lens की मदद से सर्च किया। तब हमें कई मीडिया हाउस की रिपोर्ट में यह वायरल वीडियो मिला।
मीडिया में पुणे के वायरल वीडियो की खबरें
न्यूज वेबसाइट DnpIndia ने 'पुणे वायरल वीडियो: असहिष्णुता चरम पर! कार के हॉर्न बजाने पर बीच सड़क पर फ्रीस्टाइल लड़ाई, लोग हैरान' शीर्षक से खबर प्रकाशित की है। खबर में जानकारी दी गई है कि वायरल वीडियो पुणे भवानी पेठ इलाके का है। कथित तौर पर कार हॉर्न बजाने जैसी मामूली बात पर इतना बड़ा झगड़ा हो गया।

न्यूज वेबसाइट ABPLive की मराठी टीम ने भी इस वायरल वीडियो पर खबर प्रकाशित की है। खबर में बताया गया है कि पुणे के भवानी पेठ से गुजर रहे बाइक सवार युवक ने सामने सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को देखकर हॉर्न बजाया। हॉर्न बजने से नाराज संबंधित व्यक्ति ने बाइक सवार से बहस कर ली। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। सूचना पाकर पहुंची खड़क थाना पुलिस ने एक आरोपी को अरेस्ट किया है।

भवानी पेठ के काशीवाड़ी के गुरुनानक नगर की घटना
न्यूज वेबसाइट Free Press Journal की रिपोर्ट में बताया गया है कि पुणे के खड़क पुलिस थाना इलाके के भवानी पेठ के काशीवाड़ी के गुरुनानक नगर में रविवार शाम करीब 4 बजे बाइक के हॉर्न बजाने के विवाद में एक व्यक्ति और उसके परिजनों ने दूसरे पक्ष के लोगों को पीटा है।
यह भी पढ़ें- Fact Check: पहलगाम हमले के बाद पकड़ा गया पाक का बड़ा झूठ, Lt Gen सुचिंद्र कुमार को पद से नहीं हटाया
आरोपी और पीड़ित एक ही इलाके के रहने वाले
खबर में खड़क पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक शशिकांत चव्हाण के हवाले से बताया गया है कि हर्ष केशवानी और आरोपी शोएब एक ही जगह काशीवाड़ी के रहने वाले हैं। बाइक के हॉर्न बजाने और सड़क पर खड़ी गाड़ियों के कारण अतिक्रमण को लेकर विवाद हुआ, जिसमें शोएब ने हर्ष की पिटाई शुरू कर दी। शोएब उमर सैयद के अलावा पांच अन्य को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने आरोपी शोएब को पकड़ लिया और मामले की जांच की जा रही है।

रास्ते में शोएब ने खड़ा कर रखा था ऑटो
खबर में हर्ष केशवानी के भाई करण केशवानी से बातचीत के आधार पर कहा गया है कि उसका भाई गुरुनानक नगर स्थित अपने घर से बाइक पर सवार होकर आ रहा था। रास्ते में आरोपी शोएब ने अपना ऑटो रिक्शा खड़ा कर रखा था। सड़क के दोनों तरफ वाहन पार्क होने से जाम लग रहा था। ऐसे में हर्ष बाइक का हॉन बजाने लगा तो इस बात से शोएब गुस्सा हो गया और हाथापाई शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें- Fact Check: इंडियन एयर मार्शल एसपी धारकर को बर्खास्त करने की झूठी खबर फैला रहा पाक, सच्चाई जानकर होगा गर्व
शुरुआत कहासुनी से हुई, लेकिन मामला तब बढ़ गया जब पास में स्थित आरोपी के घर से अन्य लोग भी वहां आ गए और मारपीट व पत्थरबाजी करने लगे। हर्ष की नाक पर गंभीर चोट आई है। उसके परिवार की ओर से खड़क पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज करवाया गया है।
यह भी पढ़ें- Fact Check: इंडियन आर्मी को खुली छूट से कांप रहा पाकिस्तान, LoC पर राफेल जेट मार गिराने का दावा झूठा












Click it and Unblock the Notifications