Haunted 3D BO Collection Day 1: बॉक्स ऑफिस पर डटी रही 'हॉन्टेड 3D:इकोज ऑफ द पास्ट', ओपनिंग कमाई ने चौंकाया
Haunted 3D Box Office Collection Day 1: बॉक्स ऑफिस पर जब एक साथ कई बड़ी फिल्में रिलीज होती हैं, तब किसी हॉरर फिल्म के लिए दर्शकों का ध्यान खींचना आसान नहीं होता लेकिन निर्देशक विक्रम भट्ट की नई हॉरर-थ्रिलर 'हॉन्टेड 3D: इकोज ऑफ द पास्ट' ने ओपनिंग डे पर ही साबित कर दिया है कि अगर कंटेंट दर्शकों को पसंद आ जाए तो प्रतियोगिता ज्यादा मायने नहीं रखती। रिलीज के पहले दिन फिल्म को दर्शकों से पॉजिटिव रिएक्शन्स मिले और इसकी कमाई ने भी उम्मीद जगाई है।
कड़ी टक्कर के बीच मिली शानदार शुरुआत
12 जून 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली 'हॉन्टेड 3D: इकोज ऑफ द पास्ट' ऐसे समय पर रिलीज हुई, जब बॉक्स ऑफिस पर पहले से कई बड़ी फिल्में मौजूद थीं। इसी दिन शरवरी वाघ और दिलजीत दोसांझ की 'मैं वापस आऊंगा', कंगना रनौत की 'भारत भाग्य विधाता' और मनोज बाजपेयी की 'गवर्नर' मूवीज भी रिलीज हुईं। इसके अलावा पहले से चल रही फिल्मों ने भी सिनेमाघरों में अपनी पकड़ बना रखी थी।

हॉरर फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर दिखाई दमदार मौजूदगी
इसके बावजूद हॉरर जॉनर की इस फिल्म ने दर्शकों को थिएटर तक खींचने में सफलता हासिल की। यही वजह रही कि पहले दिन का कारोबार ट्रेड एक्सपर्ट्स की शुरुआती उम्मीदों से बेहतर माना जा रहा है।
पहले दिन कितनी हुई कमाई?
सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार 'हॉन्टेड 3D: इकोज ऑफ द पास्ट' ने रिलीज के पहले दिन देशभर में करीब 2.50 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन दर्ज किया। फिल्म ने सबसे ज्यादा कमाई हिंदी वर्जन से की। वहीं तेलुगू डब वर्जन ने भी सीमित स्क्रीन्स पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। अगर ग्रॉस कलेक्शन की बात करें तो फिल्म ने पहले दिन लगभग 2.95 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। हॉरर जॉनर और सीमित स्टार पावर वाली फिल्म के लिए ये आंकड़ा संतोषजनक माना जा रहा है।
विक्रम भट्ट की चर्चित फ्रेंचाइजी की वापसी
-'हॉन्टेड 3D: इकोज ऑफ द पास्ट' मूवी साल 2011 में रिलीज हुई विक्रम भट्ट की सुपरहिट हॉरर फिल्म 'हॉन्टेड 3D' का सीक्वल है। पहली फिल्म ने अपने समय में हॉरर सिनेमा को नई पहचान दी थी और बॉक्स ऑफिस पर भी शानदार सफलता हासिल की थी। इसी वजह से सीक्वल को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही उत्सुकता बनी हुई थी।
-नई फिल्म में महाअक्षय चक्रवर्ती, चेतना पांडे और हेमंत पांडे मुख्य भूमिकाओं में नजर आए हैं। फिल्म की कहानी रहस्य, डर और अलौकिक घटनाओं के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसने हॉरर प्रेमियों को आकर्षित किया है।
क्या बजट वसूलने की राह पर है फिल्म?
-हालांकि निर्माताओं की ओर से आधिकारिक बजट का खुलासा नहीं किया गया है लेकिन इंडस्ट्री रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म को लगभग 15 करोड़ रुपये की लागत में तैयार किया गया है। ऐसे में शुरुआती कमाई को देखते हुए माना जा रहा है कि अगर वीकेंड पर फिल्म की रफ्तार बनी रहती है तो यो अपने बजट की रिकवरी की दिशा में मजबूत कदम बढ़ा सकती है।
-हॉरर फिल्मों का प्रदर्शन अक्सर वर्ड ऑफ माउथ पर निर्भर करता है। ऐसे में दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया आने वाले दिनों में फिल्म के लिए बड़ा फायदा साबित हो सकती है।
वीकेंड पर रहेंगी सबकी नजरें
पहले दिन का प्रदर्शन ये संकेत देता है कि 'हॉन्टेड 3D: इकोज ऑफ द पास्ट' ने बॉक्स ऑफिस की दौड़ में खुद को मजबूती से स्थापित कर लिया है। अब सबकी निगाहें वीकेंड कलेक्शन पर टिकी हैं। यदि फिल्म दर्शकों को इसी तरह आकर्षित करती रही, तो ये विक्रम भट्ट की हॉरर फ्रेंचाइजी के लिए एक और सफल अध्याय साबित हो सकती है।













Click it and Unblock the Notifications