Jobs in Railway: ट्रेन चलाने का है सपना? लोको पायलट बनने के लिए चाहिए क्या योग्यता, मिलती है कितनी सैलरी?
Loco Pilot Jobs in Railway: भारतीय रेलवे दुनिया का चौथा सबसे बड़ा रेलवे नेटवर्क है, जो हर दिन लाखों यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने का काम करता है। इंडिया ब्रांड इक्विटी फाउंडेशन के अनुसार, भारत में प्रतिदिन 22,593 ट्रेनें चलती हैं। इस विशाल नेटवर्क को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए हजारों लोको पायलटों की जरूरत होती है।
रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) हर साल विभिन्न पदों पर लाखों उम्मीदवारों की भर्ती करता है। यदि आप भी भारतीय रेलवे में लोको पायलट बनने का सपना देख रहे हैं, तो यह आर्टिकल आपके लिए बेहद उपयोगी साबित होगा। यहां हम आपको लोको पायलट की सैलरी, भर्ती प्रक्रिया और योग्यता के बारे में विस्तार से जानकारी देंगे।

कौन होता है लोको पायलट?
ट्रेन चलाने वाले व्यक्ति को लोको पायलट कहा जाता है। यह एक बहुत ही जिम्मेदारी वाला काम होता है। एक ट्रेन में औसतन 10,000 यात्री सफर करते हैं, जिनकी सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी लोको पायलट पर होती है। इस पेशा जिम्मेदारी के साथ-साथ रोमांच से भी भरा हुआ है।
ये भी पढ़ें: बिहार बोर्ड इंटर रिजल्ट में लड़कियों का जलवा, मिलिए कॉमर्स टॉपर रोशनी से, मुश्किलों को पार कर लहराया परचम
लोको पायलट की भर्ती प्रक्रिया
आपको बता दें, लोको पायलट के पद पर कभी भी सीधी भर्ती नहीं की जाती है। पहले उम्मीदवारों को असिस्टेंट लोको पायलट (ALP) के रूप में नियुक्त किया जाता है। इसके बाद, उन्हें कड़ी ट्रेनिंग और अनुभव हासिल करने के बाद ही लोको पायलट बनने और ट्रेन चलाने के योग्य माना जाता है।
कितनी होती है लोको पायलट की सैलरी?
रिपोर्ट्स के अनुसार, लोको पायलट की सैलरी उनके अनुभव के अनुसार अलग-अलग हो सकती है-
- असिस्टेंट लोको पायलट (ALP): ₹25,000 से ₹35,000 प्रति माह
- अनुभवी लोको पायलट: ₹50,000 से ₹1,00,000 प्रति माह
इसके अलावा, रेलवे कर्मचारियों को विभिन्न भत्ते, अलाउंस और अन्य सुविधाएं भी प्रदान की जाती हैं, जिससे उनकी कुल आय बढ़ जाती है।
लोको पायलट बनने के लिए आवश्यक योग्यता
लोको पायलट बनने के लिए उम्मीदवार को किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से कम से कम 50% अंकों के साथ 12वीं पास होना अनिवार्य है। इसके अलावा संबंधित ट्रेड में आईटीआई (ITI) प्रमाणपत्र अनिवार्य होता है। कुछ पदों के लिए डिप्लोमा या ग्रेजुएशन भी आवश्यक हो सकता है।
चयन प्रक्रिया?
रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) असिस्टेंट लोको पायलट (ALP) पद के लिए तीन चरणों में चयन प्रक्रिया पूरी करता है:
- पहला: CBT यानी की कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट
- दूसरा: उन्नत स्तर की परीक्षा और साइकोमेट्रिक टेस्ट
- तीसरा चरण: डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल टेस्ट
यदि आप लोको पायलट बनना चाहते हैं, तो अभी से अपनी तैयारी शुरू कर दें और RRB द्वारा जारी होने वाले नोटिफिकेशन पर नजर बनाए रखें।
ये भी पढ़ें: Goa HSSC Result 2025: गोवा बोर्ड 12वीं का रिजल्ट आज शाम होगा जारी, इस डायरेक्ट लिंक से कर सकेंगे चेक












Click it and Unblock the Notifications