Prateek Yadav Last Rites: प्रतीक यादव का आज कब और कहां होगा अंतिम संस्कार? लखनऊ से सैफई तक गमगीन माहौल
Prateek Yadav Last Rites: समाजवादी पार्टी के संस्थापक स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव के आकस्मिक निधन से पूरे उत्तर प्रदेश में शोक की लहर है। बुधवार सुबह 38 वर्ष की आयु में लखनऊ के सिविल अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। प्रतीक यादव के पार्थिव शरीर का पोस्टमार्टम पैनल के जरिए पूरा कर लिया गया है, जिसके बाद अब सबकी निगाहें उनके अंतिम संस्कार पर टिकी हैं।
प्रतीक यादव के निधन की जानकारी साझा करते हुए उनकी पत्नी अपर्णा बिष्ट यादव ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट लिखी है। उन्होंने सूचित किया कि उनके प्रिय प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार आज सुबह 11:00 बजे लखनऊ के बैकुंठ धाम (भैंसाकुंड) में संपन्न किया जाएगा और इस अत्यंत दुखद घड़ी में उन्होंने सभी शुभचिंतकों से गरिमामयी उपस्थिति की प्रार्थना की है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में साफ होगी तस्वीर
प्रतीक यादव को बुधवार सुबह करीब 6:15 बजे उनके परिजन सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद KGMU में डॉक्टरों के एक पैनल ने उनके शरीर का पोस्टमार्टम किया, ताकि मौत की सटीक वजह साफ हो सके। पोस्टमार्टम के बाद पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया गया है।
लंबे समय से फेफड़ों की बीमारी से थे परेशान
खबरों के मुताबिक, प्रतीक यादव पिछले काफी समय से फेफड़ों से जुड़ी समस्याओं (Lung complications) से जूझ रहे थे। उनके फेफड़ों में 'ब्लड क्लॉट' (खून का थक्का) जमने का इलाज चल रहा था। बुधवार सुबह जब उनकी तबीयत अचानक ज्यादा बिगड़ी और उन्होंने शरीर में कोई हलचल (Responding) बंद कर दी, तो घरवाले उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
राजनीति से दूर, फिटनेस और बिजनेस के शौकीन
प्रतीक यादव ने कभी चुनाव नहीं लड़ा और खुद को सक्रिय राजनीति से दूर रखा। ब्रिटेन की लीड्स यूनिवर्सिटी से MBA करने वाले प्रतीक एक सफल रियल एस्टेट डेवलपर और फिटनेस आइकन थे। साल 2012 में उन्हें एक अंतरराष्ट्रीय बॉडीबिल्डिंग वेबसाइट ने 'इंटरनेशनल ट्रांसफॉर्मेशन ऑफ द मंथ' के खिताब से भी नवाजा था। वह पशु कल्याण के कार्यों में भी काफी सक्रिय रहते थे।














Click it and Unblock the Notifications