अरे रच दिया इतिहास, वैभव सूर्यवंशी ने किया ऐसा कारनामा जो दुनिया में कभी नहीं हुआ
Vaibhav Sooryavanshi: राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंसके बीच खेले गए मुकाबले में भले ही राजस्थान की टीम को हार का सामना करना पड़ा हो लेकिन 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपनी बल्लेबाजी से पूरी दुनिया को हैरान कर दिया है। सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए इस मैच में वैभव ने मैदान के चारों तरफ छक्कों की बरसात करते हुए टी20 क्रिकेट का एक ऐसा कीर्तिमान स्थापित कर दिया है जिसे तोड़ना किसी भी दिग्गज के लिए बड़ी चुनौती होगी।
वैभव सूर्यवंशी अब टी20 क्रिकेट के इतिहास में सबसे तेज 100 छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने यह जादुई आंकड़ा महज 29 पारियों में हासिल किया है। इस दौरान उन्होंने सिर्फ 514 गेंदों का सामना किया जो उनकी आक्रामक बल्लेबाजी की गवाही देता है। इससे पहले यह रिकॉर्ड भारत के उभरते हुए सितारे अभिषेक शर्मा के नाम दर्ज था लेकिन वैभव ने अपनी पावर हिटिंग से अब उन्हें पीछे छोड़ दिया है।

इतना ही नहीं वैभव ने आईपीएल के एक सीजन में पावरप्ले के दौरान सबसे ज्यादा छक्के जड़ने का अभिषेक शर्मा का पुराना रिकॉर्ड भी ध्वस्त कर दिया है। साल 2024 में अभिषेक शर्मा ने पावरप्ले में 29 छक्के लगाए थे जबकि वैभव ने इस सीजन में अब तक 30 छक्के सिर्फ शुरुआती छह ओवरों में ही जड़ दिए हैं।
गुजरात के खिलाफ मैच में भी उन्होंने अपनी पारी की शुरुआत मोहम्मद सिराज की पहली ही गेंद पर छक्का लगाकर की थी। इस सीजन में वैभव का प्रदर्शन किसी सपने से कम नहीं रहा है। उन्होंने 11 पारियों में 236 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से 440 रन बनाए हैं जिसमें एक शतक और दो अर्धशतक शामिल हैं।
फिलहाल वह एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीयों की सूची में दूसरे नंबर पर हैं। गुजरात टाइटंस ने इस मैच में शुभमन गिल की 84 रनों की पारी की बदौलत 229 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था जिसके जवाब में राजस्थान की टीम लक्ष्य से दूर रह गई। हालांकि हार के बावजूद वैभव सूर्यवंशी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि ने उन्हें क्रिकेट जगत की नई सनसनी बना दिया है।












Click it and Unblock the Notifications