'शर्म नहीं आती?', चुनौती खुद पर ही पड़ी भारी, सलमान आगा ने दिखाई थी हेकड़ी, अब बांग्लादेश ने किया शर्मसार
BAN vs PAK 1st Test: क्रिकेट के मैदान पर अक्सर बड़बोलेपन का अंजाम बुरा होता है और पाकिस्तान क्रिकेट टीम के साथ मंगलवार को मीरपुर (ढाका) में यही हुआ। बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट में 104 रनों की ऐतिहासिक हार के बाद पाकिस्तानी टीम को न केवल अपने प्रदर्शन, बल्कि सोशल मीडिया पर फैंस के तीखे सवालों का भी सामना करना पड़ रहा है। इस फजीहत के फोकस में हैं टीम के मध्यक्रम के बल्लेबाज सलमान अली आगा, जिनका एक चैलेंज अब उनके लिए गले की हड्डी बन गया है।
क्या था वो चैलेंज, जो उल्टा पड़ गया? (BAN vs PAK 1st Test)
मैच के चौथे दिन की समाप्ति पर प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सलमान आगा ने काफी आत्मविश्वास के साथ कहा था कि अगर बांग्लादेश बहादुरी दिखाता है और हमें 260-270 रनों का लक्ष्य देता है, तो हम निश्चित रूप से जीत के लिए जाएंगे। लेकिन मुझे नहीं लगता कि वे ऐसा करेंगे। बांग्लादेश ने न केवल यह चुनौती स्वीकार की, बल्कि अपनी दूसरी पारी 240/9 पर घोषित कर पाकिस्तान के सामने 74 ओवरों में 268 रनों का लक्ष्य रखा।

लक्ष्य का पीछा करने में ढेर हुआ पाकिस्तान
जिस जीत का दावा सलमान आगा कर रहे थे, उसे हासिल करना तो दूर पाकिस्तानी टीम मैच बचाने के लिए जरूरी ओवर भी नहीं खेल सकी। 268 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की पूरी टीम महज 163 रनों पर सिमट गई। खुद सलमान आगा, जिन्होंने बहादुरी की बात की थी, केवल 26 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। बांग्लादेश के युवा तेज गेंदबाज नाहिद राणा ने 5 विकेट झटककर पाकिस्तानी बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।
सोशल मीडिया पर फैंस ने निकाली भड़ास
पाकिस्तान की इस ऐतिहासिक हार के बाद सोशल मीडिया (X) पर फैंस ने सलमान आगा को जमकर ट्रोल किया। एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा, "उन्हें लगा कि 260 का पीछा करने के लिए उनके 26 रन काफी होंगे।" वहीं, कुछ अन्य फैंस ने खिलाड़ियों के अनुशासन और रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि इन्हें केवल स्टाइल मारने और इंटरव्यू देने में दिलचस्पी है, मैदान पर प्रदर्शन 'जीरो' है। एक फैन ने तो यहाँ तक कह दिया कि इन्हें क्या शर्म नहीं आती?















Click it and Unblock the Notifications