IPL 2026: गुजरात-हैदराबाद मुकाबले से होगा RCB का नुकसान, नंबर-1 की रेस हुई बेहद रोमांचक
IPL 2026 GT vs SRH: आईपीएल 2026 की अंक तालिका में इस समय टॉप पर काबिज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए आज की शाम थोड़ी चिंताजनक हो सकती है। मंगलवार को अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस (GT) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच होने वाले मुकाबले का नतीजा तय है कि बेंगलुरु को पहले पायदान से नीचे धकेल देगा।
खतरे में आरसीबी की बादशाहत (IPL 2026 GT vs SRH)
अंक तालिका के मौजूदा गणित को समझें तो टॉप की तीन टीमों बेंगलुरु, हैदराबाद और गुजरात के बीच कांटे की टक्कर है। तीनों ही टीमों के पास फिलहाल 11-11 मैचों के बाद 14-14 अंक हैं। आज गुजरात और हैदराबाद में से जो भी टीम जीतेगी, उसके पास 16 अंक हो जाएंगे। 16 अंकों के साथ वह टीम इस सीजन में 15 का आंकड़ा पार करने वाली पहली टीम बनेगी और सीधे नंबर-1 पर पहुंच जाएगी।

बारिश होने पर भी होगा नुकसान
हारने वाली टीम 14 अंकों पर ही टिकी रहेगी। बेहतर नेट रन रेट (+1.103) की वजह से बेंगलुरु दूसरे स्थान पर खिसक जाएगी। यदि मैच बारिश की वजह से धुल जाता है तो दोनों टीमों को 1-1 अंक मिलेगा। ऐसी स्थिति में गुजरात और हैदराबाद दोनों के 15-15 अंक हो जाएंगे और बेंगलुरु खिसककर तीसरे स्थान पर पहुंच जाएगी।
NRR में बेंगलुरु का दबदबा, पर अंकों में पिछड़ रही टीम
बेंगलुरु के पास फिलहाल सबसे शानदार नेट रन रेट (+1.103) है। तुलनात्मक रूप से हैदराबाद (+0.737) दूसरे और गुजरात (+0.228) तीसरे स्थान पर है। नेट रन रेट के मामले में बेंगलुरु मजबूत है, लेकिन आज के मैच के बाद अंकों के मामले में वह पिछड़ जाएगी। बेंगलुरु के फैंस के लिए राहत की बात यह है कि टीम को ज्यादा इंतजार नहीं करना होगा। बुधवार (13 मई) को बेंगलुरु का मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से होना है। यदि बेंगलुरु वह मैच जीत लेती है, तो उसके 16 अंक हो जाएंगे और बेहतर नेट रन रेट के आधार पर वह फिर से नंबर-1 की कुर्सी पर कब्जा कर सकती है।
पंजाब किंग्स की बढ़ी मुश्किलें
एक समय पर अंक तालिका में लंबे समय तक शीर्ष पर रही पंजाब किंग्स (PBKS) की हालत अब खराब है। लगातार चार हार के बाद पंजाब 13 अंकों के साथ चौथे स्थान पर खिसक गई है। दिल्ली कैपिटल्स से मिली हालिया हार ने उनकी प्लेऑफ की राह को भी मुश्किल बना दिया है।















Click it and Unblock the Notifications