टीएस सिंहदेवः यूपी को 10 तारीख का इंतजार, प्रियंका के नेतृत्व में कांग्रेस ने की है अत्यधिक मेहनत
रायपुर। उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव के सातवें व अंतिम चरण के लिए 7 मार्च को मतदान है। 10 मार्च को मतगणना और नतीजे आएंगे। यूपी चुनाव को लेकर छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टी.एस. सिंहदेव ने रविवार को कहा कि हम लोग पूरी तरह आशान्वित हैं। प्रियंका गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ने अत्यधिक मेहनत की है। 10 तारीख का इंतजार है। जिस तरह मेहनत हुई है उसका बेहतर परिणाम आएगा।

बता दें कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को उत्तरप्रदेश चुनाव के लिए वरिष्ठ पर्यवेक्षक बनाया गया है। साथ ही वे स्टार प्रचारक भी रहे हैं। आखिरी दौर का चुनाव प्रचार कर शनिवार को रायपुर लौटे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी कहा था कि प्रियंका गांधी के नेतृत्व में वहां चुनाव लड़ा गया है। सबसे बड़ी बात ये है कि जिन मुद्दों को लेकर हमने चुनाव की शुरुआत की, अंत में भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी को उन्हीं मुद्दों पर आना पड़ा।
बताया जा रहा है कि कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तरप्रदेश, पंजाब सहित 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव के लिए 167 चुनावी रैली और 42 रोड शो किए हैं। वह कांग्रेस की स्टार प्रचारक के रूप में उभरी हैं। बता दें कि कांग्रेस ने करीबन दो दशकों में पहली बार उत्तरप्रदेश विधानसभा की सभी 403 सीटों पर उम्मीदवार खड़े किए हैं। कांग्रेस ने 40 फीसदी से ज्यादा सीटों पर महिला उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं।












Click it and Unblock the Notifications