यूपी चुनाव: आप की स्टार प्रचारक नीलम यादव ने ग्रेटर नोएडा में बांटे केजरीवाल गारंटी पत्र
नोएडा, 29 जनवरी: आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने यूपी चुनाव के लिए गुरुवार को लखनऊ में केजरीवाल गारंटी पत्र जारी किया। शुक्रवार को आप की स्टार प्रचारक, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य और उत्तर प्रदेश महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष नीलम यादव ने ये गारंटी पत्र ग्रेनो वेस्ट की सोसायटियों के साथ चक शाहबेरी, छोटी मिलक और अच्छेजा गांव में बांटे। इस दौरान महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष प्रीति उपाध्याय और दादरी अध्यक्ष पुष्पा भाटी समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहीं।

क्या है केजरीवाल गांरटी पत्र में
केजरीवाल गांरटी पत्र में आप की सरकार बनने पर 300 यूनिट बिजली मुफ्त, पुराने बिजली बिल माफ, 24 घंटे बिजली उपलब्ध होगी । 10 लाख बेरोजगारों को प्रतिवर्ष नौकरियां और नौकरी न मिलने तक 5 हजार रुपये प्रतिमाह बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया गया है। इसके अलावा माताओं-बहनों को 1000 रुपये प्रतिमाह मिलेंगे। पूरे बजट का 25 प्रतिशत शिक्षा पर ख़र्च किया जाएगा। किसानों को फसल का भुगतान 24 घंटे में उनके खाते में किया जाएगा। गन्ने का दाम हर साल बढ़ाया जाएगा। प्रदेश का कोई भी जवान या पुलिसकर्मी ड्यूटी के दौरान शहीद होता है तो उसके परिवार को 1 करोड़ रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी।
यूपी में सात चरण में चुनाव
उत्तर प्रदेश में 403 विधानसभा सीटें के लिए 10 फरवरी से 7 मार्च तक सात चरणों में वोट पड़ेंगे। 10 मार्च को चुनाव के नतीजे आएंगे। यूपी में 10 फरवरी, 14 फरवरी, 20 फरवरी, 23 फरवरी, 27 फरवरी, 3 मार्च और 7 मार्च को मतदान होगा। 10 फरवरी को पहले चरण में पश्चिम यूपी के 11 जिलों की 58 सीटों पर, दूसरा चरण 14 फरवरी को 9 जिलों की 55 सीटों पर, 20 फरवरी को तीसरे चरण में 16 जिलों की 59 सीटों पर मतदान होगा। चौथे चरण में मतदान 23 फरवरी को लखनऊ सहित 9 जिलों की 60 सीटों पर होगा। पांचवे चरण में 27 फरवरी को 11 जिलों की 60 सीटों पर, छठे चरण में 3 मार्च को 10 जिलों की 57 सीटों पर और सातवें और अंतिम चरण का मतदान 7 मार्च को 9 जिलों की 54 सीटों पर होगा।
उत्तर प्रदेश की मौजूदा यानी 17वीं विधानसभा का कार्यकाल 15 मई को खत्म हो रहा है। 17वीं विधानसभा के लिए 2017 में हुए चुनाव में बीजेपी ने 312 सीटें जीतकर बहुमत की सरकार बनाई थी। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन को इस चुनाव में 54 सीटें मिली थीं। मायावती की बीएसपी ने 2017 में 19 सीटों पर सिमट गई थी।












Click it and Unblock the Notifications