पीएम मोदी के नमक वाले बयान पर प्रियंका गांधी ने किया पलटवार, कही ये बात
पीएम मोदी के नमक वाले बयान पर प्रियंका गांधी ने किया पलटवार, कही ये बात
लखनऊ, 05 मार्च: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के लिए छह चरण में मतदान शांति पूर्ण हो चुका है और सातवें चरण के लिए 07 मार्च को मतदान होने है। सातवें चरण के लिए आज (शनिवार 05 मार्च) शाम पांच बजे से चुनाव प्रचार थम जाएगा। प्रचार थमने से पहले सभी राजनीतिक पार्टियों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इसी क्रम में एक रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने जब एक बुजुर्ग का किस्सा सुनाते हुए कहा था कि 'मैंने एक वीडियो देखा, जिसमें एक महिला कह रही है कि मैंने तो मोदी का नमक खाया है, मैं उन्हें धोखा नहीं दूंगी।' पीएम मोदी के इस बयान पर सोशल मीडिया पर काफी आलोचना हो रही है।

वहीं, कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने पीएम मोदी पर पलटवार किया है। प्रियंका गांधी ने कहा कि 'क्या आप अपने बच्चों को इसलिए बड़ा करते हैं कि एक बोरा राशन का इंतजार करते रहें? क्या आप चाहते हैं कि आपके सामने एक ऐसा प्रधानमंत्री हो, जिनकी ये कहने की हिम्मत हो कि देश के बुजुर्गों ने मेरा नमक खाया है।' पीएम मोदी के बयान का जिक्र कर प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि आप चाहते हैं कि प्रधानमंत्री ये सोचे कि आपने उनका नमक खाया है।
नमक जनता का राजनीतिक पार्टियां खाती हैं, मुझे भी खदेड़ देना
प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि 'नमक राजनीतिक दलों ने आपका खाया है। सत्ता आपसे उधार मिली है। सत्ता उनकी नहीं आपकी है। मैं सिर्फ उनकी बात नहीं कर रही हूं बल्कि अपनी भी बात कर रही हूं। कल अगर आप मुझे सत्ता दें, मैं काम न करूं और मेरी मानशिकता ये बन जाये कि एक बोरा राशन देकर मैंने आप पर कोई बड़ा एहसान कर दिया है तो आप मुझे भी खदेड़ देना।'
पीएम मोदी के इस बयान पर हमला बोलते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि 'उनकी हिम्मत कैसे हुई कि 70 लाख नौकरी देने का वादा किया और कोई रोजगार नहीं दिया। उनकी हिम्मत कैसे हुई कि वो खुले पशुओं की समस्या पर कुछ नहीं कहते, और कुछ नहीं करते।' वहीं प्रियंका गांधी ने पब्लिक से बात करने की मुद्रा में बोलते हुए कहा कि 'मैं आपसे, शिकायत है मेरी आपसे, क्योंकि आपने इन नेताओं को हिम्मत दी...आप धर्म-जाति के जाल में फंसे हुए हो।'












Click it and Unblock the Notifications