सीएम योगी ने पीलीभीत को दी 248 करोड़ की सौगात, 26 परियोजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को पीलीभीत के मुस्तफाबाद गेस्ट हाउस पहुंचे। यहां सीएम योगी ने वन्यजीव सप्ताह के अवसर पर 'वन्य जीव संरक्षण और सतत पर्यटन विकास' विषयक कार्यशाला का शुभारंभ किया।
इस दौरान उन्होंने 248 करोड़ रुपये की लागत से जनपद पीलीभीत के विकास की 26 परियोजनाओं एवं 05 करोड़ रुपये की लागत से 51 उच्चीकृत वन विश्राम भवनों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

इस दौरान सीएम योगी ने तराई एलीफेण्ट रिजर्व के 'लोगो' तथा 'स्क्रीन' का विमोचन किया। साथ ही, सीएम ने बाघों की सुरक्षा हेतु बाघ मित्र एप का शुभारम्भ किया। सीएम ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले बाघ मित्रों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया।
इस दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारतीय मनीषा ने मनुष्य के साथ ही, जीव-जन्तुओं या हर ऐसी वस्तु जिस पर मनुष्य जाति का अस्तित्व टिका हुआ है, को चराचर जगत का हिस्सा मानते हुए उसके संरक्षण पर सदैव से जोर दिया है।
सीएम योगी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार द्वारा किए गए प्रयासों के परिणाम आज देखने को मिल रहे हैं। पीलीभीत टाइगर रिजर्व में TX2 लक्ष्य (टाइगर रिजर्व में पाए जाने वाले बाघों की संख्या वर्ष 2022 तक दोगुनी करने) प्राप्त करने में हमें सफलता प्राप्त हुई है। बताया कि साल 2014 में पीलीभीत टाइगर रिजर्व में बाघों की संख्या 25 थी, जो 2018 में बढ़कर 65 हो गई थी। वहीं, अब प्रदेश सरकार के प्रयासों से आज इनकी संख्या बढ़कर 205 से अधिक हो गई है।
इस दौरान सीएम योगी ने पीलीभीत के विकास के लिए लगभग 250 करोड़ रुपए की परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास के लिए जनपदवासियों को बधाई देते हुए कहा कि इस क्षेत्र के किसान बहुत प्रगतिशील, मेहनती और पुरुषार्थी हैं। तराई के क्षेत्र में इन किसानों ने अपनी मेहनत और पुरुषार्थ से सोना उगलने का कार्य किया है। आज यहां जनपद से जुड़ी हुई शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पुल, टेक्निकल एजुकेशन तथा अन्य विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम संपन्न हुआ है।
सीएम योगी ने जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार सभी नागरिकों को सुरक्षा, सम्मान और उनके स्वावलंबन के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।












Click it and Unblock the Notifications