तेलंगाना: 'रेवंत रेड्डी ने किया ट्रांसजेंडर समुदाय का अपमान', श्रवण दासोजू ने कांग्रेस को घेरा
तेलंगाना में भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के प्रवक्ता श्रवण दासोजू ने मंगलवार को टीपीसीसी अध्यक्ष रेवंत रेड्डी पर जमकर हमला बोला और उनके ऊपर ट्रांसजेंडर समुदाय के अपमान का आरोप लगाया।
श्रवण दासोजू ने एक वीडियो लिंक शेयर किया, जिसमें रेवंत रेड्डी ने एक विवादित बयान देते हुए कहा कि अगर तेलंगाना के मुख्यमंत्री केसीआर सार्वजनिक तौर पर ये घोषणा नहीं करते कि वो अपनी पार्टी बीआरएस के सभी मौजूदा विधायकों को टिकट देंगे, तो ना उन्हें पुरुष माना जाएगा और ना ही महिला।

इस वीडियो लिंक को शेयर करते हुए श्रवण दासोजू ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मांग की, कि रेवंत रेड्डी को तुरंत प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाया जाए और उनके बयान के लिए उनसे माफी की मांग की जाए।
श्रवण दासोजू ने कहा, 'ऐसा पहली बार नहीं है जब उन्होंने ट्रांसजेंडर समुदाय और पिछड़े वर्गों का अपमान करने का यह अपराध किया है। ऐसा उन्होंने पहले भी कई बार किया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, वरिष्ठ नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी इस तरह के गंदे बयानों के बावजूद रेवंत रेड्डी को आखिर क्यों बर्दाश्त कर रहे हैं?'
श्रवण दासोजू ने आगे कहा, 'सीएम केसीआर के नेतृत्व में समाज के हर वर्ग को पूरा सम्मान और आदर दिया जाता है। लिंग, जाति, पंथ या धर्म के नाम पर किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं किया जाता। सीएम केसीआर ने ट्रांसजेंडर समुदाय को सम्मान देने के लिए प्राची राठौड़ और रूथ जॉन पॉल कोयल्ला को सरकार द्वारा संचालित उस्मानिया जनरल हॉस्पिटल में डॉक्टर के रूप में नियुक्त किया है।












Click it and Unblock the Notifications