कालेश्वरम परियोजना को लेकर केंद्र पर भड़के तेलंगाना के मंत्री हरीश राव
मुख्यमंत्री केसीआर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिखकर कालेश्वरम परियोजना के लिए राष्ट्रीय दर्जा मांगा गया था।

तेलंगाना के वित्त मंत्री टी हरीश राव ने बीजेपी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। हरीश राव ने केंद्र के उस दावे को झूठा करार दिया, जिसमें कहा गया कि तेलंगाना सरकार की ओर से कालेश्वरम परियोजना के लिए राष्ट्रीय दर्जा मांगने का कोई प्रस्ताव नहीं था।
हरीश राव ने शुक्रवार को उन चिट्ठियों को भी दिखाया, जो मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखी और राज्य सरकार ने जल संसाधन मंत्रालय को लिखीं। इन चिट्ठियों में कालेश्वरम परियोजना के लिए राष्ट्रीय दर्जा मांगा गया था।
तेलंगाना सरकार की तरफ से ये कड़ी प्रतिक्रिया तब आई, जब केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री, बिश्वेश्वर टुडू ने लोकसभा को बताया कि तेलंगाना सरकार ने राष्ट्रीय परियोजना योजना में कालेश्वरम या पलामुरु रंगारेड्डी परियोजनाओं को शामिल करने के लिए केंद्र को कोई प्रस्ताव नहीं दिया था। केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री गुरुवार को महबूबनगर के सांसद मन्ने श्रीनिवास रेड्डी के एक सवाल का जवाब दे रहे थे।
केंद्रीय मंत्री के जवाब पर कड़ी आपत्ति जताते हुए, हरीश राव ने इसे "झूठा प्रचार" करार दिया। हरीश राव ने कलेश्वरम परियोजना की मंजूरी रिपोर्ट की स्थिति को साझा करने के लिए ट्विटर पर पोस्ट लिखी और कहा कि केंद्रीय मंत्री ने सदन के पटल पर झूठ बोला है और साथ ही लोगों को गुमराह किया है।












Click it and Unblock the Notifications