तेलंगाना: केटीआर बोले, 'करप्शन की ब्रांड एंबेसडर है कांग्रेस पार्टी'
बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष और तेलंगाना के मंत्री केटी रामा राव ने रविवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला। केटीआर ने राहुल गांधी के उन आरोपों को भी खारिज किया कि बीआरएस भाजपा की बी टीम है।
केटीआर ने राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि देश में भ्रष्टाचार और अक्षमता का ब्रांड एंबेसडर अगर कोई है तो वो कांग्रेस है। उन्होंने कहा कि एआईसीसी का पूरा मतलब ही ऑल इंडिया करप्शन कमेटी है।

केटीआर ने कहा कि भारत के लोग कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार द्वारा किए गए घोटालों के इतिहास को नहीं भूले हैं। और, इसी वजह से देशभर में कांग्रेस का पतन हुआ है। उन्होंने कहा कि बीआरएस पार्टी न तो भाजपा की बी-टीम है और न ही कांग्रेस की सी-टीम, बल्कि एक जबरदस्त ताकत है जो अकेले दम पर दोनों पार्टियों से मुकाबला करने में सक्षम है।
केटीआर ने कहा कि बीआरएस पर भाजपा के साथ मिलीभगत का आरोप लगाने का कांग्रेस का ये कदम उसी पर भारी पड़ेगा। उन्होंने पूछा कि कालेश्वरम परियोजना के निर्माण में 1 लाख करोड़ रुपये का भ्रष्टाचार कैसे हो सकता है, जबकि निर्माण लागत ही 1 लाख करोड़ रुपये से कम थी। उन्होंने कांग्रेस पर बेतुके आरोप लगाने और जनता के बीच हंसी का पात्र बनने का आरोप लगाया।












Click it and Unblock the Notifications