तेलंगाना: किताबों की सप्लाई में देरी पर शिक्षा मंत्री सबिता इंद्रा नाराज, अधिकारियों को दिया अल्टीमेटम
प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को लेकर तेलंगाना सरकार किसी भी तरह की लापरवाही बरतने के मूड में नहीं है। राज्य में एकेडमिक सेशन शुरू होने के बावजूद पाठ्यपुस्तकों की आपूर्ति में हो रही देरी पर तेलंगाना की शिक्षा मंत्री पी सबिता इंद्रा रेड्डी ने गहरी नाराजगी जताई है।
एकेडमिक सेशन शुरू होने के एक महीने बाद भी सरकारी जूनियर कॉलेजों में पाठ्यपुस्तकों की आपूर्ति में देरी से नाराज सबिता इंद्रा रेड्डी ने अधिकारियों को शुक्रवार तक हर हाल में काम पूरा करने का निर्देश दिया है।

सबिता इंद्रा रेड्डी ने अधिकारियों से स्पष्ट तौर पर कहा कि अगर जरूरत पड़े तो प्राइवेट परिवहन अधिकारियों को इसमें शामिल करें और केवल आरटीसी के भरोसे ना रहें। इसके साथ ही शिक्षा मंत्री ने नई इमारतों, अतिरिक्त कक्षाओं, शौचालयों और अन्य सुविधाओं के निर्माण में देरी पर भी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि इन सबके लिए 60 करोड़ रुपये पहले ही मंजूर किए जा चुके हैं, फिर काम में देरी क्यों हो रही है।
मंगलवार को इस मुद्दे पर समीक्षा बैठक करते हुए उन्होंने अधिकारियों को युद्ध स्तर पर काम पूरा करने का निर्देश दिया। इसके अलावा उन्होंने इंटरमीडिएट शिक्षा आयुक्त नवीन मित्तल को निर्देश दिए कि वो साप्ताहिक आधार पर काम की समीक्षा करें।
सबिता इंद्रा रेड्डी ने बैठक के दौरान पूछा कि राज्य सरकार ने प्रयोगशालाओं को मॉडर्न करने और रखरखाव के लिए पहले ही 4.43 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि मंजूर कर दी थी, फिर देरी का कारण क्या है? इसके अलावा उन्होंने हैदराबाद, रंगा रेड्डी और मल्काजगिरी-मेडचल जिलों के कॉलेजों में छात्रों के खराब रिजल्ट प्रतिशत पर भी निराशा व्यक्त की।












Click it and Unblock the Notifications