हरियाणा में दिल्ली-मुंबई हाईवे पर लगी ताऊ देवीलाल की सबसे ऊंची प्रतिमा, जजपा का अनावरण समारोह
नूंह। हरियाणा में देश के पूर्व उपप्रधानमंत्री ताऊ देवीलाल की जयंती पर उनकी सबसे ऊंची प्रतिमा का अनावरण होगा। 42 फीट ऊंची इस प्रतिमा को दिल्ली-मुबंई हाईवे पर नूंह के हिलालपुर गांव में स्थापित किया गया है। इसे सत्तारूढ़ पार्टी जजपा ने बनवाया है। इसके साथ ही जजपा द्वारा चौधरी देवीलाल की जयंती पर राज्य के सभी जिलों में कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

नूंह के हिलालपुर में स्वर्गीय उपप्रधानमंत्री की जयंती पर होगा 42 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण
पूर्व उप प्रधानमंत्री जननायक चौधरी देवीलाल की सबसे बड़ी प्रतिमा बनकर तैयार हो गई है। नूंह के गांव हिलालपुर में दिल्ली-मुंबई हाईवे पर स्थापित इस 42 फीट ऊंची प्रतिमा के अनावरण के लिए 25 सितंबर को ताऊ देवीलाल की जयंती पर समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस दिन जननायक जनता पार्टी की ओर से हरियाणा के सभी जिलों में कार्यक्रम किए जाएंगे।
जजपा के प्रधान महासचिव दिग्विजय सिंह चौटाला ने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. अजय सिंह चौटाला के निर्देशन में बनी यह प्रतिमा चौ. देवीलाल की अब तक की सबसे बड़ी प्रतिमा होगी। प्रतिमा के लोकार्पण के दिन जिला, हलका व ब्लाक स्तर पर भी कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों मेंं जननायक जनता पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता ताऊ देवीलाल को याद करेंगे और सामाजिक कार्य भी करेंगे।
दिग्विजय चौटाला ने कहा कि चाैधरी देवीलाल जैसे बड़े गरीबों के मसीहा और देश व समाज के नायक एक पार्टी तक सीमित नहीं हो सकते। वह जन-जन के नायक हैं। इसलिए जो दल, पार्टी सामाजिक सरोकार से जुड़ी राजनीति में विश्वास रखती है, उन सबको ताऊ देवीलाल की जयंती के अवसर पर उन्हें नमन करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि चौधरी देवीलाल के नाम पर राजनीति करने की बजाय उनकी नीतियों का अनुसरण करते हुए आगे बढ़ना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications