Jharkhand: एयरलिफ्ट किये जाएंगे मणिपुर में फंसे झारखंड के छात्र, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिया निर्देश
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देशानुसार झारखंड सरकार इन छात्रों को आर्मी के साथ समन्वय करते हुए एयरलिफ्ट करने की तैयारी को अंतिम रूप दे रही है। बिहार के भी कई छात्र मणिपुर में हैं।

रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मणिपुर में भड़की जातीय हिंसा में फंसे झारखंड के छात्रों को एयरलिफ्ट करने का निर्देश दिया है। इस निर्देश पर अमल भी शुरू हो चुका है। इससे पहले राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष-कंट्रोल रूम में मणिपुर में फंसे झारखंड के कुल 34 लोगों की सूची प्राप्त हुई है। ये सभी विभिन्न विश्वविद्यालयों में अध्ययन करनेवाले छात्र हैं।
कंट्रोल रूम के साथ साझा किए गए 34 विद्यार्थियों की सूची में से चार का टिकट नई दिल्ली तक के लिए कटा है। इनमें से 18 विद्यार्थी झारखंड वापस आना चाहते हैं। श्रम विभाग की ओर से जानकारी दी गई कि 34 में से 18 विद्यार्थियों का टिकट सोमवार को कंफर्म कर दिया गया है।
सभी के लिए टिकट की व्यवस्था श्रम विभाग एवं आपदा प्रबंधन विभाग के सहयोग से की जा रही है। सूचना के अनुसार ये सभी विद्यार्थी नेशनल इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलाजी, सेंट्रल एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी, नेशनल स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी व आइआइटी मणिपुर से संबंधित हैं। ये विद्यार्थी पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, बोकारो, धनबाद और रांची जिले के रहनेवाले हैं।
इसके पूर्व झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने मणिपुर में भड़की हिंसा के बीच वहां फंसे छात्रों की सूची मुख्यमंत्री को भेजते हुए उनकी सुरक्षित वापसी का आग्रह किया है। ठाकुर ने अपने पत्र के साथ छात्रों की एक सूची भी सौंपी है। इसके अलावा उन्होंने सभी छात्रों को पूरा पता, मोबाइल नंबर आदि का विवरण भी उपलब्ध करा दिया है।












Click it and Unblock the Notifications