उचाना के गांव गुरुकुल खेड़ा में जल्द बन जाएगा प्रदेश का पहला सोलर विलेज: दुष्यंत चौटाला
Haryana, गुरुकुल खेडा गांव को सोलर विलेज बनाने की घोषणा डिप्टी सीएम ने की थी। घोषणा के अनुसार गांव में सोलर पैनल लगाने का कार्य जारी है।

जींद जिले दौरे पर पहुंचे उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि उचाना हलके के गांव गुरुकुल खेड़ा को सोलर विलेज बनाया जाएगा। उन्होने कहा कि यहां हर घर, चौपाल, स्कूल व अन्य संस्थाओं को सोलर पैनल युक्त किया जा रहा है और यह प्रदेश का पहला सोलर विलेज होगा। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि सौर ऊर्जा सिस्टम लगने के बाद घरों में सोलर के जरिए ही बिजली की सप्लाई होगी और गांव बिजली के मामले में आत्मनिर्भर बन जाएगा।
दरअसल, गुरुकुल खेडा गांव को सोलर विलेज बनाने की घोषणा डिप्टी सीएम ने की थी। घोषणा के अनुसार गांव में सोलर पैनल लगाने का कार्य जारी है। अब तक गांव में लगभग एक दर्जन से अधिक घरों में सोलर पैनल लगाए जा चुके है। गांव के दो सरकारी स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्र, पांच चौपालों, गली, चौराहों में स्ट्रीट लाइट व हाई मास्क लाइट लगाई गई है। इसमें 50 स्ट्रीट लाइट व चार हाई मास्क लाइट शामिल हैं। इन सभी स्ट्रीट लाइट, हाई मास्क लाइट का टेस्टिंग का काम जारी है। इस कार्य के पूरा होने पर यह गांव हरियाणा का पहला सोलर विलेज बन जाएगा।
प्रदेश के तीर्थ स्थलों को बनाया जाएगा और भव्य
इससे पहले उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कैथल जिले के गांव जाखौली स्थित प्राचीन श्री रसमंगल तीर्थ पर आयोजित बैसाख पूर्णिमा उत्सव में भी शिरकत की। डिप्टी सीएम ने कहा कि हमारी आस्था के केंद्र प्रदेश के तीर्थ स्थलों को और भी बेहतर बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस तीर्थ पर करीब दो करोड़ रुपये से अधिक की राशि से बाउंड्रीवाल व भव्य द्वार का निर्माण किया जाएगा।
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि तीर्थ के तालाब में पाईप लाईन प्रणाली से नहरी पानी की व्यवस्था की जाएगी। गांव जाखौली में भगत भल्ले नाथ महाराज के नाम से डिजिटल लाइब्रेरी का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत के प्रस्ताव पर एक भव्य सामुदायिक भवन भी बनाया जाएगा और आगामी रबी सीजन में धान की खरीद के लिए परचेज सेंटर का निर्माण होगा।
इसके अलावा कैथल जिले को सौगात देते हुए उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने विभिन्न सड़कों के निर्माण कार्य का शिलान्यास भी किया। उन्होंने कलायत विधानसभा क्षेत्र में 36 किलोमीटर लंबी 10 सड़कों के चौड़ा व सुदृढ़ीकरण के कार्य का शिलान्यास किया। इसके साथ-साथ कैथल विधानसभा क्षेत्र में 29 किलोमीटर लंबी 13 सड़कों और गुहला विधानसभा क्षेत्र में 23 किलोमीटर लंबी 9 सड़कों के सुदृढ़ीकरण के कार्य का शिलान्यास किया।
इस मौके पर उपमुख्यमंत्री ने लोगों की समस्याएं भी सुनी और उन समस्याओं को समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे लोगों की समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान करवाएं ताकि आमजन को किसी भी परेशानी का सामना न करना पड़े। इस अवसर जेजेपी प्रदेश अध्यक्ष सरदार निशान सिंह, श्रम मंत्री अनूप धानक, खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के चेयरमैन राजेंद्र लितानी, विधायक जोगीराम सिहाग, जेजेपी की महिला प्रदेश अध्यक्ष शीला भ्याण सहित अनेक गांवों के सरपंच, पंच, ब्लॉक समिति सदस्य व गणमान्य लोग मौजूद रहे।












Click it and Unblock the Notifications