25 लाख सरकारी नौकरी,₹5,000 भत्ता, 5 नए सुपर स्पेशलिटी अस्पताल, अखिलेश यादव के घोषणापत्र के 10 बड़े वादे
Samajwadi Party Manifesto 2027: उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों पर फरवरी-मार्च 2027 में होने वाले चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी (SP) ने अपना चुनावी पिटारा खोल दिया है। पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने गुरुवार (26 नवंबर) को घोषणापत्र (Manifesto) जारी करते हुए युवाओं, किसानों, महिलाओं और पीडीए (PDA) वर्ग को साधने के लिए बड़े वादों की झड़ी लगा दी। अखिलेश यादव ने कई बड़े वादों के साथ जनता के सामने अपना रोडमैप रखा। इसमें पांच साल में 25 लाख सरकारी नौकरियां देने से लेकर बेरोजगार ग्रेजुएट युवाओं को हर महीने 5,000 रुपये भत्ता देने तक का वादा शामिल है।
सपा ने सिर्फ सरकारी भर्ती तक रोजगार का दायरा सीमित नहीं रखा है। पार्टी का दावा है कि पांच साल में 2 से 3 करोड़ युवाओं को दूसरे क्षेत्रों में भी रोजगार दिया जाएगा। शहरों में युवाओं के लिए रोजगार गारंटी कानून लाने और बड़े शहरों में छात्र-छात्राओं के लिए आवासीय छात्रावास बनाने की बात भी कही गई है। अखिलेश यादव ने साफ किया कि उनकी पार्टी रोजगार, शिक्षा और सामाजिक न्याय को सबसे बड़ा चुनावी मुद्दा बनाएगी । घोषणापत्र में न सिर्फ सरकारी नौकरियों और बेरोजगारी भत्ते का वादा है, बल्कि पेपर लीक रोकने से लेकर मुफ्त इलाज और किसानों की कर्जमाफी तक की गारंटी दी गई है। ऐसे आइए जानते हैं सपा के घोषणापत्र के 10 बड़े वादे।

1. पांच साल में 25 लाख सरकारी नौकरी, युवाओं को ₹5,000 भत्ता
समाजवादी पार्टी ने रोजगार को अपने चुनावी एजेंडे का सबसे बड़ा मुद्दा बनाया है। अखिलेश यादव ने वादा किया कि सरकार बनने पर पांच साल के भीतर 25 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जाएगी। इसके अलावा 2 से 3 करोड़ युवाओं को निजी क्षेत्र और दूसरे रोजगार वाले क्षेत्रों में अवसर देने का लक्ष्य रखा गया है।
पार्टी ने बेरोजगार ग्रेजुएट युवाओं को नौकरी मिलने तक हर महीने 5,000 रुपये देने का वादा भी किया है। यानी रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं को आर्थिक मदद देने की योजना है। बड़े शहरों में छात्र-छात्राओं के लिए आवासीय छात्रावास बनाए जाएंगे। शहरों में रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए शहरी रोजगार गारंटी अधिनियम लाने की बात भी कही गई है।

भर्ती परीक्षाओं को लेकर भी एसपी ने बड़ा वादा किया है। पार्टी के मुताबिक, सभी भर्ती परीक्षाएं तय समय पर कराई जाएंगी। पेपर लीक होने पर संबंधित अधिकारियों की व्यक्तिगत जवाबदेही तय होगी। इससे भर्ती प्रक्रिया में देरी और परीक्षा में गड़बड़ी को चुनावी मुद्दा बनाने की कोशिश दिखती है।

2. पांच नए सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल और मुफ्त इलाज
स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए एसपी सरकार बनने पर राज्य स्वास्थ्य नीति 2027 लाने का वादा किया गया है। इसका मकसद उत्तर प्रदेश को चिकित्सा और मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर बनाना है। पार्टी ने सभी नागरिकों को कम खर्च में अच्छी स्वास्थ्य सेवाएं देने की बात कही है।
अखिलेश यादव ने सैफई और लोहिया इंस्टीट्यूट के मॉडल का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वहां मरीजों की जांच, दवाइयां और अस्पताल में भर्ती होने पर खाना तक मुफ्त मिलता था। इसी मॉडल पर प्रदेश में पांच नए सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बनाए जाएंगे। सरकारी अस्पतालों में पीडीए और गरीब परिवारों के मरीजों का मुफ्त इलाज सुनिश्चित करने का भी वादा है।
इसके साथ ही 102 और 108 एंबुलेंस सेवाओं के नेटवर्क को बेहतर बनाने की बात कही गई है। इसका मकसद मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाना और आपात स्थिति में इलाज की सुविधा बढ़ाना है।

3. कैंसर मरीजों को मुफ्त इलाज, रिसर्च पर भी जोर
कैंसर के इलाज का खर्च कई परिवारों की आर्थिक हालत बिगाड़ देता है। अखिलेश यादव ने इसी परेशानी को उठाते हुए गरीब मरीजों को कैंसर का पूरा इलाज मुफ्त देने का वादा किया है। अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार के समय बने कैंसर इंस्टीट्यूट को सिर्फ चालू रखना ही नहीं, बल्कि वहां रिसर्च का काम भी आगे बढ़ाया जाएगा। पार्टी का जोर इलाज के साथ कैंसर पर शोध को बढ़ावा देने पर भी है।
4. किसानों को 23 फसलों और दूध पर कानूनी MSP
किसानों के लिए एसपी ने सभी 23 फसलों और दूध पर न्यूनतम समर्थन मूल्य यानी एमएसपी की कानूनी गारंटी देने का वादा किया है। पार्टी का कहना है कि इससे किसानों को उनकी उपज का उचित दाम मिल सकेगा। आलू, टमाटर और प्याज जैसी फसलें, जो एमएसपी के दायरे से बाहर हैं, उनके लिए मूल्य क्षतिपूर्ति व्यवस्था बनाई जाएगी। यानी बाजार में कीमत गिरने पर किसानों को नुकसान से बचाने के लिए सरकार की ओर से भरपाई का इंतजाम करने की बात है।

5. किसानों की कर्जमाफी और गन्ने का भुगतान 24 घंटे में
ग्रामीण विकास और बुनियादी ढांचे के लिए 1.50 लाख करोड़ रुपये की व्यवस्था करने का वादा किया गया है। इसके साथ ही किसानों की कर्जमाफी योजना तत्काल लागू करने की बात कही गई है। गन्ना किसानों के भुगतान में देरी रोकने के लिए 15 हजार करोड़ रुपये का कॉर्पस फंड बनाने का ऐलान किया गया है। पार्टी के मुताबिक, इस फंड से गन्ने का भुगतान 24 घंटे के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा। गन्ने का मूल्य भी किसानों की वास्तविक लागत का हिसाब लगाकर हर साल बढ़ाया जाएगा।
6. जातिगत जनगणना और दलित विकास परिषद
समाजवादी पार्टी ने सरकार बनने पर प्रदेश में जातिगत जनगणना शुरू कराने का वादा किया है। अखिलेश यादव का कहना है कि इससे अलग-अलग जातियों की आर्थिक और सामाजिक स्थिति का पता चलेगा। फिर उसी जानकारी के आधार पर उनके विकास के लिए योजनाएं बनाई जा सकेंगी।
दलितों के कल्याण के लिए मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में दलित विकास परिषद बनाने का प्रस्ताव भी रखा गया है। इसके अलावा 50 करोड़ रुपये तक के सरकारी ठेकों में दलितों और पीडीए वर्ग के लिए 50 फीसदी आरक्षण देने का वादा किया गया है।
पार्टी ने दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों, मुसलमानों, महिलाओं और बच्चों के खिलाफ जघन्य अपराधों पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने की बात कही है। अखिलेश यादव ने कहा कि किसी के अपमान और उत्पीड़न को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
7. गांवों में न्यू विलेज क्लस्टर, इंटरनेट की सुविधा
ग्रामीण इलाकों के विकास के लिए एसपी ने न्यू विलेज क्लस्टर बनाने का वादा किया है। इसके तहत गांवों में जरूरी सुविधाएं एक साथ विकसित की जाएंगी। गांवों को इंटरनेट से भी जोड़ा जाएगा और विकास को योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। इस योजना का मकसद गांवों में बुनियादी सुविधाएं बेहतर करना है, ताकि लोगों को छोटी-बड़ी जरूरतों के लिए शहरों पर निर्भर न रहना पड़े।

8. पांच रुपये में भोजन, महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये
एसपी सरकार बनने पर पीडीए, महिलाओं और गरीब परिवारों के लिए समाजवादी कैंटीन खोली जाएंगी। यहां लोगों को सिर्फ 5 रुपये में भोजन की थाली देने का वादा किया गया है। अखिलेश यादव ने बुजुर्ग महिलाओं और महिला कारीगरों को हर साल 40 हजार रुपये पेंशन देने की बात भी कही है। यह रकम सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी। महिला केंद्रित विकास के लिए अलग घोषणापत्र लाने का वादा भी दोहराया गया है।
9. महिलाओं के लिए अलग घोषणापत्र
समाजवादी पार्टी ने महिलाओं से जुड़े मुद्दों को अलग जगह देने का फैसला किया है। अखिलेश यादव ने कहा कि महिलाओं के विकास और उनकी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अलग घोषणापत्र लाया जाएगा। इसमें महिला केंद्रित योजनाओं और उनके लिए किए जाने वाले कामों का खाका रखा जाएगा। यह ऐलान इसलिए भी अहम है क्योंकि पार्टी ने महिलाओं के लिए पेंशन और सस्ती भोजन व्यवस्था जैसे वादे अपने मुख्य घोषणापत्र में शामिल किए हैं।
10. रोजगार, स्वास्थ्य और सामाजिक न्याय पर चुनावी दांव
एसपी के घोषणापत्र में रोजगार, किसान, स्वास्थ्य, जातिगत जनगणना और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों को एक साथ रखा गया है। सरकारी नौकरी और बेरोजगारी भत्ते के वादे से युवाओं को साधने की कोशिश है। एमएसपी और कर्जमाफी के ऐलान किसानों को ध्यान में रखकर किए गए हैं। वहीं, जातिगत जनगणना और दलित विकास परिषद के जरिए सामाजिक न्याय का एजेंडा आगे बढ़ाया गया है।
उत्तर प्रदेश विधानसभा में कुल 403 सीटें हैं। 2027 में फरवरी-मार्च के दौरान चुनाव होने की उम्मीद है। ऐसे में एसपी का यह घोषणापत्र चुनावी मुकाबले की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकता है। हालांकि, इन वादों का असली असर इस बात पर निर्भर करेगा कि सरकार बनने की स्थिति में इन्हें लागू करने के लिए कितना बजट, समय और प्रशासनिक तैयारी की जाती है।



Click it and Unblock the Notifications
