प्रदेश के बजट में हर क्षेत्र का विशेष ध्यान रखा: अनिल विज
विज ने कहा कि सरकारों ने बजट में परिवर्तन किया है और पैसा हर धमनी में जाए अर्थात हर कौने में जाए ताकि सारा प्रदेश विकसित हो।

हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों ने विकसित भारत के लिए कदम बढ़ाने शुरू कर दिये हैं । इसी दिशा में गत दिवस प्रस्तुत किए गए प्रदेश के बजट में हर क्षेत्र जैसे कि कृषि, गांव, शहर, बिजली एवं पानी इत्यादि सबका विशेष ध्यान रखा गया है। इसी प्रकार, एसवाईएल नहर बनाने हेतु सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाते हुए पहली बार बजट में 101 करोड़ रुपये का प्रावधान भी किया गया है।
विज आज पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि पहले जितनी भी सरकारें आई, उन्होंने विकसित भारत बनाने के लिए नहीं सोचा जबकि जो देश हमारे से बाद में आजाद हुए वे विकसित हो चुके हैं और हम आज भी विकासशील देश हैं और हमें आज भी भौतिक समस्याओं से जूझना पड़ रहा है।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान गत दिवस प्रस्तुत किए गए बजट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए विज ने कहा कि सरकारों ने बजट में परिवर्तन किया है और पैसा हर धमनी में जाए अर्थात हर कौने में जाए ताकि सारा प्रदेश विकसित हो, इस बारे में मुख्यमंत्री मनोहर लाल, जो प्रदेश के वित्त मंत्री भी हैं , ने बजट में चिंता दिखाई है।
उन्होंने एसवाईएल के संबंध में कहा कि पिछली सरकारें एसवाईएल नहर बनाने के लिए लड़ती तो रही हैं लेकिन पहली बार मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बजट में 101 करोड़ रुपये का प्रावधान एसवाईएल के लिए रखा है जो एसवाईएल नहर बनाने हेतु सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। विज ने कहा कि एसवाईएल नहर बनाने के लिए हम दृढ़ संकल्पित हैं ।












Click it and Unblock the Notifications