दिल्ली सरकार के कामकाज अब सिसोदिया देखेंगे, सीएम केजरीवाल विपश्यना पर; 1 जनवरी को लौटेंगे
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शनिवार को विपश्यना साधना पर चले गए। वह एक जनवरी को दिल्ली लौटेंगे।

नई दिल्ली, 25 दिसंबरः मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शनिवार को विपश्यना साधना पर चले गए। वह एक जनवरी को दिल्ली लौटेंगे। उनकी अनुपस्थिति में दिल्ली सरकार के कामकाज को उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया देखेंगे। इसके साथ ही केजरीवाल ने लोगों को एक बार विपश्यना करने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि विपश्यना एक प्राचीन भारतीय ध्यान पद्धति है, जिसमें भाग लेने वाले लोग एक निश्चित अवधि तक किसी भी संचार से दूर रहते हैं, यहां तक कि किसी से संवाद या संकेतों के माध्यम से भी बात नहीं कर सकते हैं।
विपश्यना केंद्र में रहकर वे मानसिक साधना का लाभ लेते हैं। उन्होंने कहा कि इसे आत्म निरीक्षण और आत्म शुद्धि की सबसे बेहतरीन पद्धति माना गया है।
'भगवान बुद्ध ने सिखाई यह विद्या'
केजरीवाल ने कहा कि साल में एक बार विपश्यना पर जाने की कोशिश करता हूं। कई सौ साल पहले भगवान बुद्ध ने यह विद्या सिखाई थी। उन्होंने कहा कि क्या आपने विपश्यना की है? अगर नहीं, तो एक बार जरूर कीजिए। मानसिक, शारीरिक और आध्यात्मिक, हर पक्ष पर बहुत लाभ होता है। सबका मंगल हो।
कहां करेंगे विपश्यना? यह स्पष्ट नहीं
हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल विपश्यना का अभ्यास कहां करेंगे। आप ने उनके स्थान के बारे में जानकारी देने से इन्कार किया है।
पहले भी कर चुके हैं विपश्यना
विपश्यना के नियमित अभ्यासी केजरीवाल ने पूर्व में धरमकोट, नागपुर और बेंगलुरु में आयोजित सत्रों में इस पद्यति का अभ्यास किया है। आप प्रमुख ने 2014 के लोकसभा चुनाव और 2013 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में व्यस्त प्रचार अभियान के बाद विपश्यना का अभ्यास करने के लिए कुछ दिनों का विश्राम लिया था।
2016 में वे 10 दिनों तक विपश्यना का अभ्यास करने के लिए नागपुर गए थे। इसके अगले साल वह महाराष्ट्र के इगतपुरी और हिमाचल प्रदेश के धर्मकोट पहुंचे थे। अंतिम बार सितंबर 2021 में भी वह 10 दिन के लिए विपश्यना पर गए थे।












Click it and Unblock the Notifications