जौनपुर में प्रचार करने पहुंचे सचिन पायलट ने BJP पर साधा निशाना, कहा- सीज होने वाली डबल इंजन की सरकार
जौनपुर, मार्च 01। राजस्थान कांग्रेस के दिग्गज नेता सचिन पायलट मंगलवार को यूपी के जौनपुर में पार्टी के लिए प्रचार करने के लिए पहुंचे। आपको बता दें कि जौनपुर में सातवें चरण के तहत मतदान होगा। सचिन पायलट कांग्रेस प्रत्याशी नदीम जावेद के पक्ष में प्रचार करने के लिए पहुंचे। सचिन पायलट के साथ इस दौरान कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्ण भी थे।

इस दौरान सचिन पायलट ने बताया कि डबल इंजन की सरकार के दोनों इंजन फेल होंगे। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश का मुख्य चेहरा प्रियंका गांधी हैं। मीडिया से बातचीत में सचिन पायलट ने भाजपा को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सीज होने जा रहा है। पहला इंजन लखनऊ में तो दूसरा दिल्ली में सीज होगा। बीजेपी की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। डबल इंजन की सरकार ने डबल तरीके से जनता को परेशान किया जाए। महंगाई, बेरोजगारी और अपराध लगातार बढ़ रहे हैं।
सचिन पायलट ने कहा कि बीजेपी की सरकार ने 5 साल तक जनता को परेशान किया है। बेटियों की अस्मिता के साथ खिलवाड़ किया गया है। छात्रों को रोजगार के नाम पर पीटा गया है। इस दौरान पूरा विपक्ष गायब था। प्रियंका गांधी ने सड़क पर संघर्ष किया है। चुनाव के समय नेता घरों से निकल पड़े लेकिन संघर्ष के समय प्रियंका गांधी सड़कों पर थी। हाथरस जैसी घटनाएं इसका उदाहरण है। उन्होंने कहा कि यूपी का चेहरा प्रियंका गांधी हैं। सचिन पायलट और आचार्य प्रमोद कृष्णन जौनपुर में कई जगहों पर जनसभा को संबोधित किया।












Click it and Unblock the Notifications