पूर्व सीएम राजे बोलीं-'कन्हैयालाल को गहलोत सरकार से सुरक्षा मिल जाती, तो उनकी हत्या नहीं होती'
जयपुर, 5 जुलाई। बीजेपी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा-उदयपुर में कन्हैयालाल टेलर की हत्या की पूरी तरह से जिम्मेदार राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार है। रोजाना मेहनत करके परिवार का पेट पालने वाले कन्हैयालाल को गहलोत सरकार से सुरक्षा मिल जाती, तो उनकी हत्या नहीं होती।

अगर कोई भी सरकार प्रदेश के नागरिक को मांगने पर भी सुरक्षा उपलब्ध नहीं करा सकती,तो उसे सत्ता में बने रहने का कोई हक नहीं है। राजे ने कहा कि गहलोत कहते हैं कि हर गलती कीमत मांगती है। अब वो ही बताएं उनकी सरकार ने जो गलती कि है उसकी क्या कीमत है? इस मामले की गहराई से जांच और आरोपियों को फांसी की सजा होनी चाहिए।
राजे ने कहा है अशोक गहलोत मुख्यमंत्री तो हैं ही,साथ में गृह मंत्री भी हैं। जो अपनी जिम्मेदारी को तो समझते नहीं, उल्टा हर मामले को प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर डालने की जबरदस्ती कोशिश करते हैं। जबकि दिल झकझोर देने वाली इस घटना के बाद आज प्रदेश में आतंक और डर का माहौल है। लोगो में खौफ और असुरक्षा की भावना पैदा हो गई है। ऐसे माहौल को उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खत्म कर वहां शांति कायम कर सकते हैं, लेकिन राजस्थान में गहलोत नहीं। यहां तो पूरी तरह से इंटेलीजेंस फेल्योर है।
पति को सुरक्षा मिल जाती, तो आज मेरी मांग में सिंदूर होता
हैदराबाद में भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के अगले दिन वसुंधरा राजे सोमवार रात उदयपुर पहुंची और निर्मम हत्या के शिकार हुए कन्हैयालाल के परिजनों से मिलीं। उन्होंने कन्हैयालाल टेलर की पत्नी को गले से लगाया और भावुक हो गईं। मृतक की पत्नी ने राजे से कहा- अगर पति को सुरक्षा मिल जाती, तो आज मेरी मांग में सिंदूर होता।
वसुंधरा राजे ने कहा- मैं गृहमंत्री और प्रधानमंत्री को धन्यवाद देना चाहती हूँ कि उन्होंने तुरंत ही एक्शन लिया। हत्याकांड के बाद NIA जांच की तुरंत घोषणा की। कुछ ही दिन में NIA ने यहां आकर अपना काम चालू कर दिया है। मैं दोनों को धन्यवाद देना चाहती हूं कि इतनी जल्दी एक्शन हुआ। जितना जल्दी उन्होंने एक्शन किया है, मेरा विश्वास यह है कि यहां के अधिकारी,पुलिस-प्रशासन भी जितना जल्दी सबके सामने चीजों को ले जाए। इससे लोगों को सांत्वना होगी और साथ यह भी फील होगा कि हां सरकार ने कुछ किया है। हम अपने आप को असुरक्षित नहीं महसूस करते।












Click it and Unblock the Notifications